सोशल मीडिया पर महिला इन्फ्लुएंसर से दोस्ती, मिलने पहुंचे दो बच्चों के पिता की पिटाई
सोशल मीडिया पर बड़ौत की महिला इन्फ्लुएंसर से बागपत के युवक की दोस्ती उसे भारी पड़ गई। दो बच्चों का पिता महिला से मिलने पहुंचा तो उसकी पिटाई हो गई। दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया था। युवक ने इन्फ्लुएंसर के जन्मदिन पर चार हजार रुपये भेजे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बड़ौत/बागपत, हिटी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती का मामला विवाद और मारपीट तक पहुंच गया। इंस्टाग्राम पर बातचीत के बाद दो बच्चों के पिता और एक युवती के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ता चला गया। आरोप है कि युवती ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर व्यक्ति को मिलने के बहाने बुलाया और बड़ौली गांव के पास उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
बड़ौत की आवास विकास कॉलोनी निवासी दो बच्चों के पिता की इंस्टाग्राम से बागपत के अहेड़ा मार्ग निवासी एक युवती से पहचान हुई थी। युवती सोशल मीडिया पर इन्फ्लुएंसर है। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती के जन्मदिन पर व्यक्ति ने ऑनलाइन उपहार के रूप में चार हजार रुपये भेजे थे। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला जारी रहा।
कुछ समय बाद उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि व्यक्ति ने फर्जी आईडी बनाकर युवती पर शादी करने का दबाव बनाया। साथ ही आपसी बातचीत और निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी। वहीं, व्यक्ति की ओर से युवती और उसके साथियों पर ब्लैकमेलिंग करने के आरोप लगाए गए हैं। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच तनातनी बढ़ गई।
मिलने के बहाने बुलाया, दोस्तों ने घेरा
बताया गया कि युवती ने व्यक्ति को बातचीत के लिए बागपत के गुफा मंदिर के पास मिलने बुलाया था। वहां मुलाकात के बाद व्यक्ति युवती को अपनी बाइक पर बैठाकर चल दिया। आरोप है कि बड़ौली गांव के पास युवती के दोस्तों ने बाइक रुकवा ली और व्यक्ति को घेर लिया मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से व्यक्ति बचाव के लिए शोर मचाने लगा। मारपीट होती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद व्यक्ति को भीड़ और हमलावरों के बीच से बाहर निकाला। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर कोतवाली ले जाया गया। घटना के बाद दोनों पक्षों के आरोपों को लेकर चर्चाएं होती रहीं। पुलिस सोशल मीडिया पर हुई बातचीत, रुपये के लेनदेन और मारपीट के पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।
दीक्षित कुमार त्यागी, कोतवाली प्रभारी बड़ौत ने मामले के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

