
दीपोत्सव के लिए फूलों से सज रही अयोध्या, घाटों पर दीये बिछाने का काम शुरू
दीपोत्सव- 2025 की सफलता के लिए अयोध्या में राम की पैड़ी सहित अन्य घाटों पर दीए बिछाने का कार्य शुरू कर हो गया है। गुरूवार को राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय आवासीय परिसर से वालेंटियर को बसों से घाटों पर दीए का बिछाने के लिए रवाना किए गए।
दीपोत्सव- 2025 की सफलता के लिए अयोध्या में राम की पैड़ी सहित अन्य घाटों पर दीए बिछाने का कार्य शुरू कर हो गया है। गुरूवार को राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय आवासीय परिसर से वालेंटियर को बसों से घाटों पर दीए का बिछाने के लिए रवाना किए गए। राम की पैड़ी सहित 56 घाटों पर 18 अक्तूबर तक 28 हजार दीए बिछाए जाएंगे। जिसके लिए विभिन्न घाटों पर 32 हजार वालेंटियर तैनात किए जाएंगे।
रामनगरी में 19 अक्तूबर को भव्य दीपोत्सव आयोजित किए जाएगा। नवें दीपोत्सव में 26 लाख 11 हजार 101 दीप प्रज्जवलित करके विश्व रिकार्ड बनाने की मंशा है। राम की पैड़ी सहित 56 घाटों पर 28 लाख दीए बिछाने का लक्ष्य रखा गया है। विवि के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने राम की पैड़ी पहुंचकर घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि राम पर्व दीपोत्सव को भव्य एवं दिव्य बनाने का संकल्प हम सभी का सौभाग्य है।
नोडल अधिकारी प्रो. संत शरण मिश्र ने बताया कि दीपोत्सव की भव्यता के लिए घाटों पर दीपों की खेप की सप्लाई शुरू हो गई है। 56 घाटों पर युद्धस्तर पर दीए बिछाने का कार्य शुरू होकर 18 अक्तूबर तक पूरा कर लिया जाएगा। 19 अक्तूबर को दीपों में तेल और बाती डालने का कार्य होगा और शाम को निर्धारित समय पर दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि दीपोत्सव में विवि परिसर, महाविद्यालय, इण्टर कालेज व स्वयंसेवी संस्था के वालेंटियर लगाए गए है। विभागों द्वारा सभी वालेंटियर को आईकार्ड शुक्रवार तक उपलब्ध करा दिया जाएगा। 19 अक्तूबर को ही टी-शर्ट व कैप वितरित की जाएगी। बिना आईकार्ड घाटों पर प्रवेश वर्जित रहेगा। इस दौरान डॉ. विजयेन्दु चतुर्वेदी, डॉ. आरएन पाण्डेय व अन्य मौजूद रहे।
अयोध्या में जगमग होंगे वार्ड, फूलों से सजेंगे मार्ग
सनातन संस्कृति की पावन नगरी प्रभु श्रीराम के आगमन की खुशी में दीपोत्सव के रंग में सराबोर होने को तैयार है। इस पर्व की आभा से अयोध्या धाम न केवल दीपों की जगमगाहट से नहाएगी, बल्कि फूलों की सजावट और स्वच्छता के संकल्प से भी आनंदित रहेगी।
रामपथ, भक्ति पथ और अन्य प्रमुख मार्गों की रेलिंग फूलों की मालाओं से सजाई जाएगी, जो अयोध्या की शोभा को और निखारेगी। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि 1500 से अधिक सफाई कर्मियों की फौज उतारी गई है। 54 सुपरवाइजर्स की देखरेख में ये कर्मी दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। इस बार के दीपोत्सव में धर्म के साथ कर्तव्य का प्रदर्शन झांकियों के रूप में दिखेगा। कुल मिलाकर 22 झांकियां साकेत महाविद्यालय के प्रांगण में बनाई जा रही हैं। जिसमें 15 सरकार की योजनाओं को दिखाएंगी। बाकी सात झांकियां रामायण के प्रसंगों पर आधारित होंगी।
झांकियों को सजाने की जिम्मेदारी गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ निकलने वाली झांकियों में उत्कृष्ट कार्य कर चुकीं कंपनी को सौंपी गई है। 19 तारीख को झांकियां की श्रृंखला साकेत महाविद्यालय से सरयू तट के किनारे राम कथा पार्क के प्रांगण तक दिखाई देंगीं। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग 15 झांकियों को बनाने का काम कर रहा है।





