यूपी: कॉन्ट्रैक्ट पर तैनात असिस्टेंट प्रोफेसरों को मिलेगा UGC पे स्केल; जानें कितनी होगी बेसिक सैलरी
UGC Pay Scale : अब तक यह सुविधा केवल इंजीनियरिंग, कृषि, होटल मैनेजमेंट और फार्मेसी में संविदा पर तैनात असिस्टेंट प्रोफेसरों के लिए थी। डीडीयू के इस निर्णय के बाद बीए-एलएलबी, प्रबंधन (मैनेजमेंट), बैंकिंग एंड इंश्योरेंस सहित अन्य स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में तैनात शिक्षक भी इस वेतनमान के पात्र होंगे।

UGC Pay Scale to Contract Assistant Professors : कॉन्ट्रैक्ट पर यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर बने शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की दीनदयाल उपाध्याय (DDU) यूनिवर्सिटी ने तय किया है कि उन्हें विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा निर्धारित वेतनमान (Pay Scale) दिया जाएगा। यूजीसी पे स्केल के अनुसार कॉन्ट्रैक्ट असिस्टेंट प्रोफेसरों की बेसिक सैलरी (Basic Salary) 57,700 रुपए होगी। डीडीयू की कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में आयोजित वित्त समिति की बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं शोध विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। तय हुआ कि विश्वविद्यालय के सभी स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों (Self-financed courses) में कार्यरत संविदा सहायक आचार्यों (Contract Assistant Professors) को यूजीसी वेतनमान के अनुरूप 57,700 का प्रारंभिक मूल वेतन प्रदान किया जाएगा।
अब तक यह सुविधा केवल इंजीनियरिंग, कृषि, होटल मैनेजमेंट एवं फार्मेसी के संविदा सहायक आचार्यों को उपलब्ध थी। वित्त समिति के इस निर्णय के बाद बीए एलएलबी, प्रबंधन (मैनेजमेंट), बैंकिंग एंड इंश्योरेंस सहित अन्य स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में कार्यरत संविदा सहायक आचार्य भी इस वेतनमान के पात्र होंगे। इस निर्णय से बड़ी संख्या में शिक्षकों को लाभ मिलेगा तथा विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।
वित्त समिति ने शोध गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक और फैसला लिया है। नए पीएचडी पंजीकरण में जिन शोधार्थियों के शोध निर्देशक संबद्ध महाविद्यालयों में कार्यरत हैं, उनके द्वारा दिए जा रहे शुल्क का 10 प्रतिशत भाग संबंधित महाविद्यालय को प्रदान किया जाएगा। इस राशि का उपयोग महाविद्यालय शोध प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, शोध संसाधनों तथा अन्य शोध अवसंरचना के विकास में करेंगे।
शिक्षकों के हितों को मिलेगी मजबूती
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, उत्कृष्ट शोध एवं अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है। वित्त समिति के ये निर्णय शिक्षकों के हितों को मजबूत करने के साथ-साथ संबद्ध महाविद्यालयों में शोध अवसंरचना के विकास को नई गति देंगे। प्रयास है कि विश्वविद्यालय का प्रत्येक शिक्षक और शोधार्थी बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं संसाधनों का लाभ प्राप्त करे।
स्वयं पाठ्यक्रमों में पंजीकरण की अंतिम तिथि आज
डीडीयू ने यूजी तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों से अपील की है कि स्वयं पोर्टल पर संचालित एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्स (एईसी) एवं स्किल एन्हांसमेंट कोर्स (एसईसी) के जिन पाठ्यक्रमों के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 27 जुलाई निर्धारित है, वे अंतिम तिथि से पूर्व अपना नामांकन अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लें। स्वयं नोडल अधिकारी प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि स्किल एन्हांसमेंट कोर्स (एसईसी) के तहत फाइनेंशियल अकाउंटिंग, सॉफ्ट स्किल डेवलपमेंट, फूड पैकेजिंग टेक्नोलॉजी तथा एंटरप्रेन्योरशिप एंड आईपी स्ट्रेटेजी जैसे पाठ्यक्रमों में पंजीकरण की अंतिम तिथि 27 जुलाई है। इसी तरह एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्स (एईसी) के अंतर्गत बॉडी लैंग्वेज: की टू प्रोफेशनल सक्सेस, प्रमुख हिंदी कहानियां और भारतीय समाज, स्ट्रेस मैनेजमेंट, कॉस्ट अकाउंटिंग तथा डिसीजन-मेकिंग अंडर अनसर्टेनिटी जैसे पाठ्यक्रमों के लिए भी 27 जुलाई अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।


