यूपी में शिवालयों की सुरक्षा हुई हाईटेक, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और ये इंतजाम
अलीगढ़ में शिवालयों की सुरक्षा हाईटेक करने के साथ ही सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। खेरेश्वर, अचलेश्वर मंदिर व भूमियां बाबा आश्रम पर डीएम-एसएसपी ने व्यवस्थाएं देखीं। बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग, सीसीटीवी का लिया जायजा लिया।

यूपी के अलीगढ़ में श्रावण मास को लेकर पुलिस प्रशासन ने शासन के निर्देशानुसार तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले के सभी प्रमुख शिवालय जहां कांवड़ियों व भोले के भक्तों की भीड़ उमड़ती है। वह सभी सीसीटीवी की निगरानी में रहेंगे। मंदिरों में प्रवेश-निकास मार्ग बनाएं जाएंगे। शनिवार को डीएम व एसएसपी ने प्राचीन खेरेश्वर मंदिर, अचलेश्वर मंदिर व भूमियां बाबा आश्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम अविनाश कुमार व एसएसपी नीरज कुमार जादौन शनिवार को श्रावण मास के दृष्टिगत खेरेश्वर एवं अचलेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे। इन दोनों मंदिरों पर श्रावण मास को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को यहां पर भोले के भक्तों का मेला लगता है। जलाभिषेक करने के लिए दूर-दराज से भक्त आते हैं। वहीं कावड़िए भी काफी संख्या में पहुंचते हैं। अधिकारियों को मंदिर प्रबंधन समिति से समन्वय करते हुए मंदिर परिसर में साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
इसके बाद डीएम व एसएसपी कांवड़ शिव भक्तों द्वारा किए जाने वाले जलाभिषेक को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से भूमियां बाबा मंदिर का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम ने निर्देश दिए कि श्रावण में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
यातायात के लिए लागू होगा विशेष प्लान
एसएपीने कहा कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखी जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष प्लान लागू किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दैारान एसडीएम गभाना हरिश्चंद्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल आदि मौजूद थे।
एसपी सिटी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
श्रावण मास व कांवड़ मेले के दृष्टिगत एसपी सिटी आदित्य बंसल ने शनिवार शाम को अचलताल मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान मंदिर परिसर, प्रवेश व निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी, पार्किंग, श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। एसपी सिटी ने मंदिर के ट्रस्टी व पुजारियों से वार्ता कर कांवड़ मेले के दौरान होने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और उनके सुझाव भी लिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को कांवड़ यात्रा के दौरान सतर्कता व संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए रोडवेज का कंट्रोल रूम होगा एक्टिव
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। परिवहन निदेशक के निर्देश पर अलीगढ़ के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जो यात्रा अवधि के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहेगा। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से बसों के संचालन और चालकों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान रोडवेज बसों का संचालन केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित डायवर्ट रूटों से ही किया जाएगा। किसी भी चालक को मनमाने मार्ग से बस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों का कहना है कि सभी चालक निर्धारित रूट का सख्ती से पालन करेंगे, ताकि कांवड़ यात्रियों और आम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। परिवहन निगम ने कांवड़ मार्ग पर संचालित होने वाले बस चालकों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
चलाई जाएंगी अतिरिक्त बसें
हरिद्वार रूट पर कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार के लिए रवाना होंगे। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बसों की उपलब्धता बढ़ाई जाएगी।
आरएम, सत्येंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा को लेकर योजना बनाई गई है। कार्यालय पर कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। चालक-परिचालकों की काउंसलिंग की जा रही है। निर्धारित रूट पर ही बसों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान होगा।


