सभी होली स्थल पर रहेगी यूपी पुलिस की कड़ी नजर, पीएसी व आरएएफ तैनात
होली को लेकर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। अलीगढ़ में ढाई हजार से अधिक स्थानों पर होलिका दहन होगा। प्रत्येक स्थान पर पुलिस की निगरानी रहेगी। थाना पुलिस के अलावा पीएसी व आरएएफ तैनात की गई है। सोशल मीडिया पर एक टीम निगरानी रख रही है।

Aligarh News: होली को लेकर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। अलीगढ़ में ढाई हजार से अधिक स्थानों पर होलिका दहन होगा। प्रत्येक स्थान पर पुलिस की निगरानी रहेगी। थाना पुलिस के अलावा पीएसी व आरएएफ तैनात की गई है। सोशल मीडिया पर एक टीम निगरानी रख रही है। होली को लेकर पुलिस की ओर से सभी थाना क्षेत्रों में संभ्रांत लोगों के साथ बैठकें की गई हैं। शहर को नौ सेक्टरों में बांटकर सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई हैं। जिलेभर के पुलिसकर्मियों के अलावा पीएसी व आरएएफ तैनात की गई हैं। 10 क्यूआरटी की टीमें भ्रमणशील रहेंगी। बीट कांस्टेबलों को होलिका स्थलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा पुलिस ने पूर्व में जिन स्थानों पर विवाद हुए थे, उन्हें चिह्नित करके निगरानी शुरू कर दी है। पांच साल पुराने अपराधियों को विवरण खंगाला गया है। इसके बाद पांच हजार लोगों को पाबंद किया गया है। साथ ही डीजे संचालकों को नोटिस थमाए गए हैं। एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि होली को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। सेक्टर स्कीम के तहत ड्यूटी लगाई गई हैं। सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है।
स्टंटबाजों व रैश ड्राइविंग पर रहेगी नजर
स्टंट करने वाले व रैश ड्राइविंग करने वाले चालकों पर नजर रहेगी। ऐसे लोगों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। पुलिस ने अपील की है कि लोग हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं। ओवरस्पीडिंग न करें। शॉर्टकट के चक्कर में जल्दबाजी न करें।
होली पर 1200 सफाई कर्मचारियों ने कसी कमर
होली को लेकर नगर निगम ने कार्ययोजना तैयार कर ली है। शहर को चार सेक्टरों में विभाजित करते हुए नगर निगम व्यवस्थाओं को करेगा। पानी आपूर्ति, पथप्रकाश, सफाई, कूड़ा उठान व आवारा पशुओं की रोकथाम को लेकर 1200 सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है। नगर निगम के 35 अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। कंट्रोल रूम 1533 पर लोग किसी भी समय शिकायत दर्ज करा सकेंगे। होली पर मुख्यालय नहीं छोड़ने की अफसरों को नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने हिदायत दी है।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने शुक्रवार को शहर में कई स्थानों का निरीक्षण किया। व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश दिए। सीएम ग्रिड में निर्माणाधीन सड़क को लेकर कहा कि होलिका दहन वाले स्थानों की जगह छोड़ दी जाए और आसपास गड्ढे को तत्काल भरवाया जाए। 04 सेक्टर में 04 जोनल, 10 नोडल, 35 अधिकारी 545 सामान्य कर्मी, 1200 सफाई कर्मी तैनात किए गए हैं। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने सफाई, पेयजलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, निर्माण विभाग के अधीनस्थों के साथ रामघाट रोड, स्वर्ण जयंती नगर, रमेश विहार, एटा चुंगी बाईपास नोरंगाबाद, अचल ताल, आगरा रोड, सासनी गेट, रेलवे रोड खैर रोड का निरीक्षण किया।
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।
और पढ़ें


