वाल्मीकि व सवर्ण समाज के बीच विवाद, 12 एक्स हैंडल पुलिस की रडार पर, एक गिरफ्तार
वाल्मीकि व सवर्ण समाज के बीच चल रहे विवाद के बीच पोस्ट डालने वाले चिह्नित किए गए हैं। भड़काऊ वीडियो बनाने पर आरोपी गिरफ्तार किया गया। यूपी पुलिस की रडार पर 12 एक्स हैंडल हैं। एसएसपी के नाम पर फर्जी ऑडियो डालने के मामले में आरोपी मनोज सिकरवार पकड़ा गया है।

यूपी के अलीगढ़ में वाल्मीकि व सवर्ण समाज के बीच चल रहे विवाद के बीच सोशल मीडिया पर भड़काऊ और भ्रामक वीडियो डालकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को पुलिस ने भड़काऊ वीडियो बनाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश में बुलंदशहर के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की सोशल मीडिया सेल ने ऐसे 12 एक्स हैंडल और चिह्नित किए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। इसमें कई लोग बाहरी हैं।
सिविल लाइन थाने के एसआई नितिन कुमार की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसमें कहा है कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर कई वीडियो बनाकर निरंतर भड़काऊ, उत्तेजक और आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित व वायरल की जा रही हैं। इन पोस्टों में गालीगलौज, अभद्र भाषा और विभिन्न प्रकार की धमकियों का प्रयोग करते हुए लोगों को आक्रोशित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे विभिन्न वर्गों के बीच तनाव व विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना है।
जब सोशल मीडिया अकाउंट की छानबीन की गई तो पता चला कि दिव्यांश चौहान, अभिषेक ठाकुर व अन्य अज्ञात व्यक्तियों द्वारा वीडियो बनाकर प्रसारित किए जा रहे हैं। सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि दो नामजद व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें गभाना क्षेत्र के गांव काला आम निवासी दिव्यांश को गभाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। दिव्यांश मूलरूप से बुलंदशहर के थाना अरनिया क्षेत्र के गांव रनियावली का रहना वाला है। अभिषेक ठाकुर व अन्य की तलाश की जा रही है।
सचिन के समर्थन में डाला था वीडियो
सचिन राघव से मारपीट के बाद दिव्यांश ने उसके समर्थन में वीडियो डाला था। इसमें वाल्मीकि समाज के प्रति अभद्र टिप्पणी करते हुए चेतावनी दी गई थी। ये तक कहा था कि पुलिस प्रशासन अपना काम कर रहा है। हम अपना काम करेंगे। जो जहां मिलेगा, उसे खदेड़कर मारा जाएगा। यह वीडियो एक गाड़ी में बैठकर बनाया गया था, जिसमें दो लोग और नजर आ रहे हैं।
ये है मामला
15 सितंबर को नुमाइश ग्राउंड के पास स्थित जुपीटर लॉज में आयोजित सवर्ण महापंचायत में सचिन राघव के भाई ने वाल्मीकि समाज के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसे लेकर आक्रोशित भीम आर्मी व वाल्मीकि समाज के लोगों ने सचिन राघव पर हमला कर दिया था। उसे दौड़ाकर पीटा था। पुलिस ने 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके दो लोगों को जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं, सचिन समेत 13 लोगों के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में दूसरा मुकदमा दर्ज किया गया है।
भड़काऊ पोस्ट न करें
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली, भ्रामक, असत्य अथवा भड़काऊ पोस्ट या कमेंट प्रसारित या साझा न करें। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी की जा रही है। भ्रामक, असत्य अथवा भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

