विश्व चैंपियन दीप्ति के लिए आगरा में आज रोड शो, भव्य स्वागत को उमड़ेंगे क्रिकेट प्रेमी-स्कूली बच्चे

विश्व चैंपियन दीप्ति के लिए आगरा में आज रोड शो, भव्य स्वागत को उमड़ेंगे क्रिकेट प्रेमी-स्कूली बच्चे

संक्षेप:

यूपी के आगरा की विश्व विजेता क्रिकेटर बेटी दीप्ति शर्मा के स्वागत के लिए गुरुवार को पूरा शहर उमड़ेगा। दीप्ति के सम्मान में 10 किमी लंबे रोड शो में शहर के क्रिकेट प्रेमियों संग स्कूली बच्चे, गणमान्य लोग, सामाजिक व खेल संस्थाओं के हजारों लोग शामिल होंगे।

Nov 13, 2025 10:38 am ISTSrishti Kunj वरिष्ठ संवाददाता, आगरा
share

यूपी के आगरा की विश्व विजेता क्रिकेटर बेटी दीप्ति शर्मा के स्वागत के लिए गुरुवार को पूरा शहर उमड़ेगा। दीप्ति के सम्मान में 10 किमी लंबे रोड शो में शहर के क्रिकेट प्रेमियों संग स्कूली बच्चे, गणमान्य लोग, सामाजिक व खेल संस्थाओं के हजारों लोग शामिल होंगे। जिला क्रिकेट संघ द्वारा निकाले जा रहे रोड शो की तैयारियों को बुधवार देर शाम तक अंतिम रूप दिया जाता रहा। रोड शो में दीप्ति की सुरक्षा के लिए कमिश्नरेट पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के 150 से अधिक पुलिस अधिकारी व जवान तैनात रहेंगे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

दो नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार आईसीसी वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम की अहम सदस्य और विश्व कप की प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट दीप्ति शर्मा गुरुवार को पहली बार आगरा पहुंचेंगी। यहां उनके स्वागत के लिए पूरा आगरा तैयार है। जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सुनील जोशन के निर्देशन में रोड शो व स्वागत समारोह की तैयारियां पूरी हो गई हैं।

read moreये भी पढ़ें:
आनंदीबेन और अखिलेश के कार्यक्रमों से पहले बरेली में कई रास्तों पर रूट डायवर्जन

दोपहर 12 बजे होटल भावना क्लार्क इन के पास से 10 किमी लंबा रोड शो शुरू होगा और करीब 10 किमी दूर स्टार नेक्स्ट क्रिकेट अकादमी में दीप्ति के सम्मान समारोह के साथ स्वागत कार्यक्रम समाप्त होगा। संघ के उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने बताया कि रोड शो व सम्मान समारोह में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि रोड शो में तीन एसीपी, पांच एसएचओ व 100 महिला व पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। रोड शो के रूट पर ट्रैफिक पुलिस भी जगह-जगह तैनात रहेगी। पुलिस द्वारा ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी।

संघ के संयुक्त सचिव सर्वेश भटनागर ने बताया कि रोड शो से पहले बुधवार शाम को स्थानीय पुलिस व ट्रैफिक पुलिस के साथ तीन जिप्सी व अन्य कारों के काफिले के साथ रोड शो के रूट पर रिहर्सल किया गया। जिला क्रिकेट संघ ने शहरवासियों से विश्व विजेता बेटी के स्वागत के लिए रोड शो व स्वागत समारोह में शामिल होने की अपील की है।

स्कूली बच्चे भी करेंगे दीप्ति का स्वागत

संघ की उपाध्यक्ष हेमलता काला ने बताया कि शहरवासियों के साथ स्कूलों के बच्चे भी रोड शो में दीप्ति शर्मा का स्वागत करेंगे। उन्होंने बताया कि संघ की ओर से रोड शो के क्षेत्र के आसपास के कई स्कूलों से संपर्क किया गया है। कई स्कूलों के प्रबंधन ने रोड शो में बच्चों को भेजने पर सहमति जताई है। रोड शो में हाथी-घोड़े, ऊंट, बैंड भी मौजूद रहेंगे।

होटल भावना क्लार्क इन से 12 बजे शुरू होगा रोड शो

दोपहर 12 बजे शुरू होने वाले रोड शो में दीप्ति ट्रैफिक पुलिस की खुली जिप्सी में शहरवासियों के स्वागत को स्वीकार करेंगी। उनके साथ जिप्सी में उनके बड़े भाई व कोच सुमित शर्मा भी मौजूद रहेंगे। रोड शो में दीप्ति की जिप्सी के पीछे चलने वाली कारों में उनके माता-पिता, बाकी भाई-बहन व अन्य परिजन मौजूद रहेंगे। संभावना है कि रोड शो तीन से चार घंटे का होगा। शाम को पुलिस लाइन में दीप्ति शर्मा का आगरा पुलिस कमिश्नरेट की तरफ से स्वागत किया जाएगा।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj
सृष्टि कुंज ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री ली है। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं। पंजाब केसरी ग्रुप के साथ करियर की शुरुआत की। वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरें लिखती हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |