आगरा का दृश्यम: पत्नियों ने की पति की हत्या, नीले ड्रम से लेकर रूबी की तरह जमीन में दफनाने के ये केस भी थे चर्चा में
आगरा के सुरेंद्र शर्मा हत्याकांड से एक बार फिर कई मामलों की याद ताजा हो गई। कई पत्नियों ने पति को मौत के घाट उतारा। इनमें पति के शव को नीले ड्रम में जमाने वाली मुस्कान से लेकर रूबी की तरह जमीन में दफनाने वाली भी कई महिलाए हैं। ये केस भी चर्चा में रहे थे।
विश्वास के रिश्ते में दरार जब हिंसा और छल में बदलती है, तो उसके अंजाम पूरे समाज को झकझोर देते हैं। हाल के वर्षों में पति-पत्नी के रिश्तों में अविश्वास, विवाद और कथित बेवफाई से जुड़े कई सनसीखेज हत्याकांड सामने आए हैं। मेरठ की मुस्कान ने अपने पति के शव के टुकड़ों को नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से चुनवा दिया, तो आगरा की रूबी ने बाथरूम के फर्श के नीचे पति के शव को मिट्टी डालकर दफनाया और फिर उसके ऊपर सीमेंट से फर्श बनवा दिया। 'रियल लाइफ दृश्यम' जैसे खौफनाक मंजर कई सवाल खड़े करते हैं।
बाथरूम की जमीन में दफनाकर शव बनाया नया फर्श
आगरा की रूबी ने अपने पति सुरेंद्र शर्मा को डेढ़ दर्जन नींद की गोलियां देकर सुला दिया। सुबह पति मृत मिला। फिर उसने अपनी सास और बच्चों को जेठ के घर भेजा। इसके बाद उसने शव को अपने घर के बाथरूम की जमीन में गाड़ दिया। इतना ही नहीं उसने मिट्टी मंगवाकर वहां मिट्टी से भराव किया और फिर एक नया फर्श भी बनवा दिया। इसके बाद उसे पति के लापता होने की कहानी भी रची। 46 दिन तक घर वालों, पड़ोसियों और बाहर वालों के सामने रोकर दिखाया कि उसका पति लापता है। लेकिन जेठ के सामने उसके मुंह से पति की हत्या करने की बात निकल गई। बस यहीं से सारा राज खुला।
नीले और हरे ड्रम में दफनाए अपने
‘नीले ड्रम’ और ‘हरे ड्रम’ जैसे चर्चित मर्डर केस के बाद आगरा में पति को बाथरूम के फर्श में दफनाने का मामला सामने आया है। मेरठ में मार्च-2025 में पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मर्चेंट नेवी में पदस्थ अपने पति सौरभ को प्रेमी के साथ मिलकर मौत के घाट उतारा और फिर उसके शव के टुकड़े करके उन्हें नीले ड्रम में दफना दिया। ऐसे ही मुंबई के मुब्रा इलाके में एक महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की हत्या कर दी और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे हरे रंग के प्लास्टिक ड्रम में भरकर सुनसान नाले में फेंक दिया।
जमीन में दफनाने में भी पीछे नहीं
जुलाई 2025 में पालघर (नालासोपारा), महाराष्ट्र में पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने पति विजय चौहान की हत्या की और शव को घर के कमरे में करीब चार फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफनाया ही नहीं बल्कि उसके ऊपर नई फ्लोर टाइल्स भी लगवा दीं। नवंबर 2025 में अहमदाबाद में लगभग एक वर्ष से गायब युवक को लेकर पुलिस ने जांच की, तो पता चला कि पत्नी ने अपने कथित प्रेमी और उसके रिश्तेदारों के साथ मिलकर हत्या की। शव के अवशेष घर की रसोई (किचन) के फर्श के नीचे दफना दिए। इसे ‘रियल लाइफ दृश्यम’ जैसा मामला बताया।


