
यूपी पुलिस ने गुंडों की तरह कार चालक को पीटा, गाड़ी का किया चालान
यूपी के आगरा में चेकिंग के दौरान पुलिस की अभद्रता और मारपीट का एक मामला अधिकारियों तक पहुंचा है। पुलिस चेकिंग के दौरान किस तरह गुंडई करती है यह कार में लगे कैमरे में कैद हो गया। चौकी प्रभारी और सिपाही ने एक कारोबारी के चालक को तीन दिन में दो बार पकड़कर पीटा।
यूपी के आगरा में चेकिंग के दौरान पुलिस की अभद्रता और मारपीट का एक मामला अधिकारियों तक पहुंचा है। पुलिस चेकिंग के दौरान किस तरह गुंडई करती है यह कार में लगे कैमरे में कैद हो गया। चौकी प्रभारी और सिपाही ने एक कारोबारी के चालक को तीन दिन में दो बार पकड़कर पीटा। एक बार गाड़ी का चालान भी किया। वजह ड्राइविंग लाइसेंस न होना लिखी। जबकि चालक के पास सभी कागजात मौजूद थे। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दयालबाग निवासी बृजेश तिवारी कुंदन सोप के मालिक हैं। चांदी का भी कारोबार है। पहली घटना मंगलवार की है। उनका चालक राजन अकेले कार से दयालबाग जा रहा था। खंदारी चौकी क्षेत्र में बापू नगर के पास पुलिस बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी। चौकी इंचार्ज सुमित मलिक ने गाड़ी रोक ली। गाड़ी पर काली फिल्म चढ़ी होने का आरोप लगाया। चालक ने अपने मालिक को फोन मिला दिया। गाड़ी पर काली फिल्म नहीं थी।
चालक गाड़ी से बाहर नहीं आया इस बात पर चौकी इंचार्ज से गुस्सा आ गया। चालक राजन को बेरहमी से पीटा। कारोबारी बृजेश तिवारी ने इसकी शिकायत इंस्पेक्टर हरीपर्वत नीरज कुमार शर्मा से की। इंस्पेक्टर ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। गुरुवार की शाम चालक राजन कारोबारी की दूसरी गाड़ी लेकर दयालबाग जा रहा था।
बापू नगर के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। चौकी इंचार्ज ने फिर गाड़ी रोक ली। चालक घबरा गया। उसने कहा साहब क्या बात हो गई। एक दिन पहले भी उसे रोका और पीटा था। यह सुनते ही चौकी इंचार्ज ने उसे गालियां देना शुरू कर दिया। कहा बहुत शिकायत करता है। चालक ने अपना मोबाइल निकाला और वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
पहले चौकी इंचार्ज फिर सिपाही ने बेरहमी से पीटा
आरोप है पहले चौकी इंचार्ज ने चालक को पीटा। उसके बाद सिपाही दिनेश ने बेरहमी से पीटा। बाल पकड़कर खींच दिए। चांटे ही चांटे मारे। उसके मोबाइल से वीडियो डिलीट कर दिया। चालक की सूचना पर पहुंचे मालिक बृजेश तिवारी ने चालक को पीटने की वजह पूछी। पुलिस ने रटा-रटाया डॉयलाग बताया। अभद्रता कर रहा था। गालियां दे रहा था। वर्दी उतरवाने की धमकी दे रहा था।
कारोबारी ने कहा चालक की इतनी हिम्मत कैसे हो जाएगी। गाड़ी में कैमरा है। रिकार्डिंग से सब साफ हो जाएगा। यह सुनते ही पुलिस कर्मी घबरा गए। मामला रफा-दफा करने की कहने लगे। कारोबारी ने इंस्पेक्टर हरीपर्वत को कॉल कर शिकायत की। यह देख पुलिस कर्मी बोले क्या करेगा, ज्यादा से ज्यादा लाइन हाजिर करा देगा।





