मेयर प्रत्याशी रहीं सपा नेता ने फेसबुक लाइव आकर कहा- अब कर लूंगी सुसाइड, ये आखिरी वीडियो
समाजवादी पार्टी की नेता और आगरा में मेयर की प्रत्याशी रहीं जूही प्रकाश ने बुधवार को 'फेसबुक लाइव' पर आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। इसमें उन्होंने कहा है कि पुलिस उनके पति और परिवारीजनों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। जबकि वे लगातार सबूत दे रही हैं।

समाजवादी पार्टी की नेता और आगरा में मेयर की प्रत्याशी रहीं जूही प्रकाश ने बुधवार को 'फेसबुक लाइव' पर आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। इसमें उन्होंने कहा है कि पुलिस उनके पति और परिवारीजनों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। जबकि वे लगातार सबूत दे रही हैं। सपा नेत्री ने चेतावनी दी है कि यह उनका आखिरी लाइव है। इसके बाद कोई लाइव नहीं करेंगी, आत्महत्या करने पर विवश होंगी। जूही प्रकाश का अपने पति और बसपा नेता जोगेंद्र प्रताप से विवाद चल रहा है। उन्होंने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर भी दी है।
जूही ने बुधवार दोपहर करीब चार बजे फेसबुक लाइव पर कहा कि तहरीर देने के बाद उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां, गंदी और भद्दी गालियां दी जा रही हैं। इनके स्क्रीन शॉट वे लगातार पुलिस को उपलब्ध करा रही हैं। उनके 161 और 164 के बयान भी हो चुके हैं। फिर भी गिरफ्तारी नहीं हो रही है। जांच कर रहीं आईओ मैडम ने कहा है कि उन पर कार्रवाई न करने और नाम हटाने का ऊपर से दबाव है।
जूही ने वीडियो में सवाल खड़ा किया है कि 'यहां न्याय क्या आत्महत्या करने पर ही मिलता है। क्या महिलाओं का राजनीति में आना इतना हानिकारक है।' उनका पति लगातार गालियां लिख रहा है। उनके मां-बाप इस दुनिया में नहीं हैं। उन पर अंगुलियां उठाई जा रही हैं। अगर मेरी जान जाती है तो प्रशासन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ तहरीर में लिखाए गए सभी लोग जिम्मेदार होंगे। उनका लगातार मानसिक हनन हो रहा है, पुलिस को आखिर कितने सबूत दिए जाएं।
2023 में समाजवादी पार्टी से मेयर का चुनाव लड़ चुकीं जूही प्रकाश ने कहा कि यह उनका आखिरी लाइव है। इसे कृपया शेयर कीजिए। रात आठ बजे तक चार घंटे में ही इस लाइव को 8.7 हजार लोग देख चुके थे। जबकि 185 लोगों ने इसे लाइक किया था। कुल 34 लोगों के कमेंट भी आ चुके थे। इसके साथ 8 लोगों ने वीडियो को शेयर किया है। बता दें कि इस अकाउंट पर उनके 25 हजार फालोवर हैं। जबकि वे खुद 3.6 हजार लोगों को फालो करती हैं।