पति ने पत्नी की हत्या कर घर में जलाया शव, सबूत मिटाने को यमुना में बहा दीं हड्डियां
पति ने पत्नी की हत्या कर घर में शव जला दिया। सबूत मिटाने को पति ने हड्डियां यमुना में बहा दीं। इसके बाद पुलिस को पत्नी के लापता होने की शिकायत भी दर्ज करवाई। पुलिस ने शक होने पर पति को पकड़ा तो हत्या की बात कबूल कर ली।

यूपी के आगरा में दहेज हत्या का मामला सामने आया है। एक पति ने पत्नी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव कुकथला में विवाहिता की हत्या कर उसके शव को घर में जला दिया गया। साक्ष्य मिटाने के लिए उसकी हड्डियां यमुना नदी में बहा दीं। बाद में पति ने थाने में विवाहिता की गुमशुदगी भी दर्ज करा दी। मायके वालों की लगातार शिकायत और पुलिस की जांच के बाद मामले की परतें खुलती चली गईं। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसके समेत सात ससुरालीजनों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार कुकथला निवासी लोकेन्द्र की शादी वर्ष 2022 में अकबरा निवासी चांदनी (27) से हुई थी। उनकी दो साल की बेटी सिद्धि है। मायके वालों के अनुसार दहेज के लिए लोकेंद्र आए दिन चांदनी से मारपीट करता था। मंगलवार को लोकेंद्र ने पुलिस को चांदनी की गुमशुदगी की सूचना दी। मायके वाले भी चांदनी के अचानक लापता होने से परेशान थे। उसके भाई मनोज ने भी अछनेरा थाने पहुंचकर चांदनी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। उसकी तलाश की गुहार लगाई।
चांदनी के लापता होने की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। बुधवार को पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की। संदिग्ध हालात पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस ने शक के आधार पर पति लोकेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पति से पूछताछ की। पति ने पुलिस को बताया कि उसने चांदनी की हत्या कर दी और शव जला दिया।
टिनशेड में जलाया शव
पुलिस ने बताया, आरोपी लोकेंद्र ने स्वीकारा है कि चांदनी की हत्या करने के बाद शव को घर के पीछे बने टिन शेड में जलाया गया। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से हड्डियों को आगरा ले जाकर यमुना में बहा दिया। एसीपी अछनेरा, शैलेंद्र सिंह ने मामले के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि मायका पक्ष की तहरीर पर पति समेत सात ससुरालियों पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपी पति लोकेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पति ने हत्या की बात कबूल कर ली है। उसे गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में जांच जारी है। ससुरालियों के खिलाफ भी शिकायत दर्ज है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दहेज हत्या का केस दर्ज मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।

