एक घंटे तक हवा में मंडराती रही फ्लाइट, हैदाराबाद से आगरा के लिए उड़ी लेकिन भोपाल में लैंडिंग
यूपी में मौसम का कहर हवाई उड़ानों पर भी पड़ा। हैदराबाद की फ्लाइट कम दृश्यता के कारण करीब चार घंटे देरी से पहुंची। हवाई जहाज खेरिया एयरपोर्ट पर उतरने से पहले लगभग एक घंटे तक हवा में मंडराता रहा। इसके बाद फ्लाइट को भोपाल एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया।
यूपी में मौसम का कहर हवाई उड़ानों पर भी पड़ा। हैदराबाद की फ्लाइट कम दृश्यता के कारण करीब चार घंटे देरी से पहुंची। हवाई जहाज खेरिया एयरपोर्ट पर उतरने से पहले लगभग एक घंटे तक हवा में मंडराता रहा। इसके बाद फ्लाइट को भोपाल एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया। जब दृश्यता में सुधार हुआ, तब फ्लाइट आगरा पहुंच सकी। वहीं अन्य फ्लाइटें भी एक-एक घंटे की देरी से आ सकीं।
हैदराबाद से आगरा आने वाली फ्लाइट संख्या 6E931/932 को सुबह 11:50 बजे पहुंचना था। हवाई जहाज दोपहर 12 बजे से हवा में मंडराता रहा। इस दौरान उसने कम से कम 5 से 6 चक्कर लगाए, लेकिन दृश्यता कम होने के कारण ग्रीन सिग्नल नहीं मिल सका। इसके चलते फ्लाइट को भोपाल के लिए डायवर्ट करना पड़ा। सभी यात्री भोपाल पहुंच गए। यात्रियों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। विमान में ही उद्घोषणा कर उन्हें बताया गया कि आगरा में दृश्यता बेहद कम है, इसलिए फ्लाइट को भोपाल भेजा जा रहा है। इसके बाद यात्री भोपाल एयरपोर्ट के लाउंज में बैठकर इंतजार करते रहे। जैसे ही सूचना मिली कि आगरा में दृश्यता सामान्य हो गई है, फ्लाइट भोपाल से खेरिया एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई और सुरक्षित उतर सकी।
एयरपोर्ट निदेशक विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि अहमदाबाद और बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइटें भी एक-एक घंटे देरी से आईं। वहीं मुंबई से आने वाली फ्लाइट खेरिया एयरपोर्ट से 20 मिनट देरी से रवाना हुई। उन्होंने बताया कि हैदराबाद की फ्लाइट में सबसे अधिक दिक्कत रही, क्योंकि यह सुबह के समय आती है। कम दृश्यता के कारण ही इसे भोपाल के लिए डायवर्ट करना पड़ा।

लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।
और पढ़ें



