
कुत्ते-बिल्ली पालने के शौक को लेकर 1455 परिवारों में छिड़ी जंग, तलाक तक बात
संक्षेप: कुत्ते-बिल्ली पालने के शौक ने एक नहीं, हजारों परिवार में रार करा दी। कुत्ते-बिल्लियों द्वारा घर में की जाने वाली गंदगी को लेकर मामूली तकरार से शुरू ये मामले अदालत तक पहुंच गए। पति-पत्नी दोनों ही अब एक दूसरे के संग रहने को राजी नहीं हैं।
सुनने में भले ही यह अचंभित कर देने वाला हो, लेकिन यही सच है। कुत्ते-बिल्ली पालने के शौक ने एक नहीं, हजारों परिवार में रार करा दी। कुत्ते-बिल्लियों द्वारा घर में की जाने वाली गंदगी को लेकर मामूली तकरार से शुरू ये मामले अदालत तक पहुंच गए। पति-पत्नी दोनों ही अब एक दूसरे के संग रहने को राजी नहीं हैं। तलाक लेकर अपने-अपने रास्ते जुदा करना चाहते हैं। हैरानी की बात तो यह है कि पशु प्रेम, प्रेम विवाह रचाने वालों के भी अलगाव की वजह बन गया।

बीते कुछ सालों में घर में कुत्ते-बिल्ली पालने का शौक लोगों में बढ़ा है। परिवारों में पालतू जानवरों का बढ़ता महत्व अब वैवाहिक विवादों में एक नया अध्याय जोड़ रहा है। कुत्ते-बिल्लियों द्वारा घर में की जाने वाली गंदगी की सफाई को लेकर लेकर दंपतियों के बीच शुरू हुए विवाद पहले परिवार परामर्श केंद्र पहुंचे। वहां बात नहीं बनीं, तो पति-पत्नी दोनों कोर्ट पहुंच गए।
पड़ताल में ऐसे 1455 मामले निकलकर सामने आए, जिनमें घर में पशुओं की गंदगी और सफाई सहित कई छोटे-छोटे मामलों में कोर्ट में तारीख पड़ रही हैं। मामले फैमिली कोर्ट और उच्च न्यायालयों तक पहुंच रहे हैं। वैवाहिक विवादों में अब घरेलू साफ-सफाई और पालतू जानवरों से जुड़ी गंदगी गंभीर मुद्दा बन गई है। इस प्रकार के मामले कोर्ट में विचाराधीन हैं।
प्रेम विवाह किया था, पशु प्रेम ने कराया अलगाव
एक आईटी पेशेवर दंपति ने प्रेम विवाह किया था। जानवरों के प्रति साझा प्रेम ही उन्हें करीब लाया था, लेकिन अब वहीं पशु प्रेम उनके अलगाव की वजह बन गया है। घर में पाले गए कुत्ते-बिल्ली द्वारा की जाने वाली गंदगी की सफाई को लेकर दोनों में तकरार होने लगी।
विवाद इतना बढ़ा कि लव मैरिज के कुछ ही महीनों बाद दोनों ने अदालत में तलाक की अर्जी दे दी। अब दोनों अपनी राहें जुदा करने की जिद पर अड़े हैं। उनका मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
कुत्ते-बिल्ली नहीं छोड़ेंगे, तलाक लेंगे इंजीनियर दंपति
इंजीनियर दंपति ने भी शादी के कुछ समय बाद तलाक के लिए अर्जी दी है। पति द्वारा पाले गए कुत्ते और पत्नी की बिल्ली द्वारा पाली गई बिल्ली द्वारा घर में की जाने वाली गंदगी को लेकर दोनों के बीच जंग छिड़ गई। इंजीनियर पत्नी ने पति से दो टूक कह दिया कि वह अपनी बिल्ली के बिना नहीं रह सकती। वहीं कुत्ता उसे डराता है और घर में गंदगी फैलाता है।
तेजी से बढ़ रहे अलगाव के मामले
कोर्ट में पहुंचने वाले अधिकतर मामले किसी बड़े कारण के बजाय छोटे-छोटे वैवाहिक विवादों पर आधारित होते हैं, जो समय के साथ बढ़कर अलगाव का कारण बन जाते हैं। मुकदमे तेजी से आ रहे हैं। अदालत में 1455 मामले ऐसे चल रहे हैं। नीरज पाठक, एडवोकेट
घर के काम, बच्चों की परवरिश, एक-दूसरे पर शक को लेकर भी टूट रहे रिश्ते
कई मामलों में शक की बीमारी और अविश्वास के कारण रिश्ते टूट रहे हैं। घर के काम, बच्चों की परवरिश और आर्थिक जिम्मेदारी जैसे रोजमर्रा के मुद्दों पर सहमति न बन पाना। सोशल मीडिया पर अधिक समय देना या मोबाइल के उपयोग को लेकर पति-पत्नी में होने वाली बहस भी बड़े विवाद का रूप ले रही है। उच्च शिक्षित युगल, जिनके बीच करियर व जीवनशैली को लेकर अलग-अलग अपेक्षाएं होती हैं, वे भी छोटी बातों पर समझौता नहीं कर पाते। मो.अरशद, समाज विज्ञानी
काउंसलर, डॉ.पूनम तिवारी ने कहा कि पालतू जानवरों को परिवार का सदस्य मानने की बढ़ती प्रवृत्ति अच्छी है, लेकिन जब युगल शादी करते हैं तो वे अक्सर पेट पेरेंटिंग की चुनौतियों को नजरअंदाज कर देते हैं। आज के परिवेश में यह जरूरी है कि अपने सभी शौक एक-दूसरे से साझा करें।





