
प्रेम प्रसंग, धमकी से आहत युवक ने की आत्महत्या, परिजन ने प्रेमिका के पिता पर 12 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया, पांच पर केस दर्ज
Unnao News - उन्नाव में एक युवक ने कथित प्रेम प्रसंग और धमकियों के कारण आत्महत्या कर ली। परिजनों ने प्रेमिका के पिता पर उत्पीड़न और 12 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आत्महत्या के दुष्प्रेरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। युवक के परिवार में मातम छाया हुआ है।
उन्नाव, संवाददाता। कथित प्रेम प्रसंग, धमकी और पैसों की मांग से आहत होकर एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने प्रेमिका के पिता पर उत्पीड़न और 12 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दंपति समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के दुष्प्रेरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर कोतवाली क्षेत्र के अकरमपुर गांव निवासी 23 वर्षीय ललित कश्यप पुत्र दुर्गा शंकर ने बुधवार फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों ने उसका शव लटका देखा तो घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, ललित वर्ष 2023 से मगरवारा निवासी एक किशोरी के संपर्क में था। दोनों के बीच संबंध होने की बात सामने आने के बाद किशोरी के पिता नाराज हो गए और ललित के खिलाफ कथित रूप से षड्यंत्र रचना शुरू कर दिया। आरोप है कि अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए किशोरी के पिता ने ललित को चौकी पर बंद करवा दिया, जहां उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। बताया गया कि थाने में ही दोनों पक्षों के बीच किसी तरह का समझौता कराया गया, जिसके बाद ललित को छोड़ दिया गया। परिजनों का आरोप है कि समझौते के बाद भी उत्पीड़न का सिलसिला नहीं रुका। किशोरी के पिता द्वारा ललित को रास्ते में रोककर धमकाने, 12 लाख रुपये की मांग करने और रकम न देने पर पाक्सो एक्ट में फंसाने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। धमकी, वसूली और पाक्सो में फंसाए जाने के डर से मानिकस दबाव में ललित पूरी तरह टूट गया। वह कई दिन से परेशान था। चुप रहने लगा था। किसी से खुलकर बात नहीं कर पा रहा था। आखिरकार इस प्रताड़ना से आहत होकर ललित ने फंदे से लटक खुदकुशी कर ली। ललित अपने परिवार का इकलौता बेटा था। दो विवाहित बहन में जूली व ज्योति हैं। उसकी मौत से मां शिवपति का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने जांच-पड़ताल, पूछताछ के बाद पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बोले, यदि समय रहते पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई की होती तो आज ललित जिंदा होता। कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि मामले में आरोपित दंपति, उसके बेटे सहित दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




