हाईव किनारे ढाबे पर भिड़े दो पक्ष, गोलियां तड़तड़ाने की रहीं चर्चाएं
Unnao News - अचलगंज में एक ढाबे पर दो पक्षों के बीच अवैध मिट्टी खनन को लेकर विवाद हुआ। गाली-गलौज, लाठी-डंडों से मारपीट और फायरिंग की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है। एक कार का शीशा भी फायरिंग के दौरान क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है।

अचलगंज। संवाददाता कानपुर-लखनऊ हाइवे स्थित एक ढाबे पर दो पक्ष भिड़ गए। गाली-गलौज, लाठी-डंडों से मारपीट और कई राउंड फायरिंग की चर्चाएं आम रहीं। एक कार की फोटो वायरल रही, जिसका शीश चटका है। बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान गोली से कार का शीश चटक गया। हालांकि, हिंदुस्तान अख़बार इस वायरल की पुष्टि नहीं करता। घटना 25 जनवरी की देर रात की बताई जा रही है। अचलगंज थानाक्षेत्र के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र बंथर के गेट नंबर दो के पास स्थित एक ढाबे पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय चर्चाओं के मुताबिक, यह विवाद ग्राम पंचायत बंथर में फैक्ट्री एरिया के चारों ओर संरक्षित ग्रीन बेल्ट की जमीन पर रात के अंधेरे में चल रहे अवैध मिट्टी खनन को लेकर हुआ।
बताया जा रहा है कि इलाके में वर्चस्व और खनन को लेकर दो गुटों के बीच तनातनी लंबे समय से चल रही थी, जो उस रात हिंसक टकराव में बदल गई। सोशल मीडिया पर वायरल कंटेंट में दावा किया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान एक कार का शीशा गोली लगने से क्षतिग्रस्त हो गया। वीडियो में क्षतिग्रस्त वाहन साफ दिखाई दे रहा है, जिससे फायरिंग की आशंका और गहरी हो जाती है। हालांकि, पुलिस प्रशासन फायरिंग की घटना से इनकार कर रहा है। मामला जैसे ही पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आया, अचलगंज पुलिस हरकत में आ गई। मंगलवार को सहजनी गांव निवासी गोलू पुत्र कुलदीप की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध गाली-गलौज, मारपीट और वाहन को क्षतिग्रस्त करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। चर्चांए यह भी है कि घटना के समय बदरका चौकी के दो सिपाहियों की मौजूदगी भी थी। सीसीटीवी की जांच में सामने आएगी सच्चाई स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की निष्पक्ष जांच की जाए तो हाइवे पर खुलेआम दबदबा बनाए बैठे खनन माफिया की पूरी सच्चाई सामने आ सकती है। इस पूरे मामले में थाना प्रभारी बृजेश शुक्ल ने बताया कि एक पक्ष से मारपीट की तहरीर प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फायरिंग की घटना को स्वीकार नहीं किया। एक पक्ष सियासी का कारखास चर्चाओं के मुताबिक, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भिड़े दो पक्ष में एक पक्ष जनपद के एक सियासी का कारखास है। सियासी के रसूख की आड़ में अवैध मिट्टी खनन और परिवहन का खेल बेखौफ होकर कर रहा है। चर्चाएं रहीं कि करीबी को एक जगह मिट्टी डाले जाने का वर्क ऑर्डर हुआ था। उसके द्वारा निर्धारित क्षेत्र में तय घन मीटर से अधिक खनन किया जा चुका है। वहीं, जहां के लिए वर्क ऑर्डर हुआ था। वहां काम भी पूरा हो चुका है। वर्क ऑर्डर की आड़ में मिट्टी के खनन और परिवहन का खूब काला कारोबार किया। दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर खनन से जुड़े दो अवज्ञा पत्र भी वायरल रहे। एक अवज्ञा पत्र में प्रयोजन और दूसरे में नहीं था। इसमें खनन विभाग का खेल बताया गया। शिवपुरी में अवैध खनन मंगलवार देर शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जोकि फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के शिवपुरी का बताया गया। जेसीबी से अवैध मिट्टी खनन और ट्रैक्टर ट्रालियों से परिवहन किए जाने का दावा किया गया। शिवपुरी गांव में अवैध खनन कर मिट्टी कुम्हारन खेड़ा भेजी जा रही है। फोटो- 40 व 40ए का क्षतिग्रस्त शीशा, यही सोशल मीडिया पर वायरल है और फायरिंग का दावा किया जा रहा है। -फैक्ट्री एरिया के चारों ओर संरक्षित ग्रीन बेल्ट की अवैध मिट्टरी खनन का विवाद बताया गया -दर्ज की मामले में एक पक्ष की रिपोर्ट, पुलिस-प्रशासन फायरिंग की घटना से साफ इनकार

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




