Unnao News: सात दिन से बिजली न आने पर आक्रोशित ग्रामीण सब स्टेशन पहुंचे
Unnao News: बनौनी गांव के उपभोक्ताओं ने एक सप्ताह से खराब विद्युत ट्रांसफार्मर के लिए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने एसडीओ से नए 63 केवीए ट्रांसफार्मर की मांग की है, क्योंकि मौजूदा 10 केवीए और 16 केवीए ट्रांसफार्मर पर्याप्त नहीं हैं। ग्रामीणों ने अपने मुद्दे को हल कराने के लिए शिकायत पत्र भी सौंपा।

Unnao News: चकलवंशी, संवाददाता। मियागंज विद्युत उपकेन्द्र से मुंशी गंज फीडर से जुड़े बनौनी गांव में एक सप्ताह पहले विद्युत ट्रांसफार्मर तकनीकी खराबी के चलते फुंक गया था जिसको लेकर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के साथ विद्युत विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया। इस पर उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया गया लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का धौर्य इससे जबाब दे गया। सोमवार को सैकड़ों की संख्या में महिला पुरुष विद्युत उपकेन्द्र पहुंच गए और एसडीओ धर्मेंद्र कुमार की गैरमौजूदगी में कार्यकारी सहायक राहुल गुप्ता को शिकायती पत्र देते हुए समाधान कराए जाने की मांग की। ग्राम पंचायत बनौनी के ग्राम प्रधान प्रसाशक अनिल कुमार ने बताया कि गांव में 150 विद्युत कनेक्शन के उपभोक्ता हैं।
जबकि विभाग द्वारा 10 केवीए और 16 केवीए विद्युत ट्रांसफार्मर लगाए गए थे जोकि पर्याप्त नहीं है। इसके कारण अक्सर ट्रांसफार्मर खराब हो जाते हैं। एक सप्ताह पहले दोनों ट्रांसफार्मर खराब हो गए तब से गांव में अंधेरा व्याप्त है। इसको लेकर उपभोक्ताओं ने 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की। इस दौरान हरिश्चंद्र, राजू यादव, कुसमा, कुंवर बहादुर, गीता, शकुंतला, गुड्डी, सुनीता, रानी, मुन्नी लाल, श्रीपाल, रामदास ने ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए नया ट्रांसफार्मर लगवाए जाने की मांग की। इस संबंध में एसडीओ मियागंज धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जानकारी मिली है किसी योजना के तहत बड़ी क्षमता का ट्रांसफार्मर लगवा दिया जाएगा।


