आरक्षी भर्ती में 5559 अभ्यर्थी शामिल, 1833 ने छोड़ी परीक्षा
उन्नाव में यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा तीसरे दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। 12 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी। 7392 अभ्यर्थियों में से 5559 ने परीक्षा दी, जबकि 1833 अनुपस्थित रहे। प्रशासन ने समय से पहले अभ्यर्थियों को केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए थे।

उन्नाव। यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती (एनरोलमेंट-2025) लिखित परीक्षा के तीसरे दिन बुधवार को जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सघन जांच, दस्तावेज सत्यापन और सुरक्षा प्रक्रियाओं से गुजरने के बाद ही प्रवेश दिया गया। सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रशासन के अनुसार पहली एवं दूसरी पाली को कुल 7392 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिनमें से 1833 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं 5559 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा शुरू होने से काफी पहले ही अभ्यर्थियों को केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे, जिससे सुरक्षा जांच समय से पूरी कराई जा सके।
डीएम घनश्याम मीणा और एसपी जयप्रकाश सिंह ने परीक्षा व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए रखी। इसके अलावा एडीएम सुशील कुमार, एएसपी उत्तरी अखिलेश कुमार सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


