Unnao News: वोटर लिस्ट में नाम नहीं तो 17 और 24 को मौका
Unnao News: उन्नाव की छह विधानसभा क्षेत्रों के 2,740 मतदेय स्थलों पर 17 और 24 अक्तूबर को विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप लगेंगे। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बीएलओ मौजूद रहेंगे और पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वा सकेंगे। मतदाता सूची पुनरीक्षण और मतदेय स्थलों के संभाजन का कार्यक्रम भी तय किया गया है। नागरिक ऑनलाइन या हेल्प डेस्क के माध्यम से फॉर्म भर सकते हैं।

Unnao News: -जनपद के 2740 बूथों पर लगेंगे विशेष कैंप, डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक की -बोले, कोई पात्र छूटे नहीं, कोई अपात्र सूची में जुड़े नहीं, मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम भी तय
उन्नाव। संवाददाता
विशेष कैंप में मतदाता पंजीकरण
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए लोगों और पहली बार वोटर बनने जा रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका है। जनपद की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के 2740 मतदेय स्थलों पर 17 और 24 अक्तूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। डीएम घनश्याम मीना ने कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि दोनों दिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे। पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि बूथ पर पहुंचकर सूची में अपना नाम जांचें और नाम न होने पर पंजीकरण कराएं। मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि कोई पात्र व्यक्ति छूटे नहीं और किसी अपात्र का नाम सूची में शामिल न हो। राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंटों को सक्रिय कर पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने तथा मृत या गलत तरीके से दर्ज नाम हटवाने में सहयोग करें। मतदाता पंजीकरण के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय और तहसील कार्यालयों/मतदाता पंजीकरण केंद्रों पर हेल्प डेस्क भी बनाई गई हैं। नागरिक voters.eci.gov.in और वोटर हेल्पलाइन ऐप के जरिए फॉर्म-6, 7 और 8 भर सकते हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, एसडीएम सदर राजेश कुमार विश्वकर्मा, भाजपा, सपा, बसपा समेत अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मतदेय स्थलों के संभाजन की समय-सीमा
मतदेय स्थलों का संभाजन
बताया कि 17-18 अक्तूबर को भवनों का भौतिक सत्यापन और नए मतदेय स्थलों के लिए चिन्हांकन होगा। 19 अक्तूबर को आलेख्य सूची प्रकाशित कर राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक और सुझावों-शिकायतों के निस्तारण के बाद 26 अक्तूबर को सूची अंतिम रूप दी जाएगी। 27 अक्तूबर को प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजा जाएगा और दो नवंबर को संभाजन प्रक्रिया पूरी होगी।
मतदाता सूची पुनरीक्षण की तारीखें
मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम
मतदेय स्थलों का युक्तिकरण/पुनर्व्यवस्थापन दो से 12 नवंबर तक, एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर, दावे-आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर, उनके निस्तारण की अंतिम तिथि 28 दिसंबर और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी को निर्धारित है।

