Hindi NewsUttar-pradesh NewsUnnao NewsUnnao Tragedy Two Bikers Killed in Hit-and-Run Accident on Soharamau Road
बाइक सवार दो युवकों की हादसे में मौत

बाइक सवार दो युवकों की हादसे में मौत

संक्षेप:

Unnao News - उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र में भल्लाफॉर्म–असोहा मार्ग पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान विशाल सिंह (22) और सचिन सिंह (44) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।

Jan 01, 2026 11:13 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, उन्नाव
share Share
Follow Us on

उन्नाव, संवाददाता। सोहरामऊ थाना क्षेत्र के भल्लाफॉर्म–असोहा मार्ग स्थित सरायजोगा मोड़ के पास बुधवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। असोहा थाना क्षेत्र के कांथा गांव निवासी विशाल सिंह (22) पुत्र लखन सिंह और सचिन सिंह (44) पुत्र वीरेंद्र सिंह देर रात बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वह भल्लाफॉर्म असोहा मार्ग पर ग्राम सरायजोगा मोड़ के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सोहरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार सरायजोगा मोड़ के पास सड़क संकरी होने के साथ-साथ रात के समय अंधेरा भी रहता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन अक्सर गुजरते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की है। थाना सोहरामऊ पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे को अंजाम देने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके।