Unnao Traffic Jam Disrupts Tulsi Yatra Thousands Stranded तुलसी यात्रा में भीषण जाम, 25 किलोमीटर घूमे लोग, Unnao Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsUnnao NewsUnnao Traffic Jam Disrupts Tulsi Yatra Thousands Stranded

तुलसी यात्रा में भीषण जाम, 25 किलोमीटर घूमे लोग

Unnao News - उन्नाव में बुधवार को तुलसी यात्रा के कारण शहर में जाम लग गया। हजारों लोगों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे अस्पताल आने में भी दिक्कत हुई। यातायात पुलिस ने कई स्थानों पर वाहनों को रोका और...

Newswrap हिन्दुस्तान, उन्नावThu, 26 Dec 2024 12:09 AM
share Share
Follow Us on
तुलसी यात्रा में भीषण जाम, 25 किलोमीटर घूमे लोग

उन्नाव, वरिष्ठ संवाददाता। बुधवार को शहर जाम में रहा। हजारों लोगों को घंटों फजीहत झेलनी पड़ी। यहां तक लोगों को अस्पताल आने में भी दिक्कत हुई। दोपहर बाद से शाम तक लोग शहर में नहीं आ सके। शहर में निकाली गई तुलसी यात्रा में यातायात पुलिस की ओर से कई जगह वाहन रोक दिए गए या फिर डायवर्ट कर दिए गए। इस वजह से लोगों को लंबा चक्कर काटकर शहर में आना पड़ा। वहीं हाईवे पर जाम लगने से लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। अफसरों की ओर से पहले से होमवर्क नहीं किया गया इस वजह से शहरियों को फजीहत झेलनी पड़ी। यात्रा तो अच्छे से निकल गई लेकिन लोगों को जो परेशानी झेलनी पड़ी उसपर जवाब देने से अफसर कतरा रहे हैं।

नगर सेवा नारायण सेवा के संस्थापक विमल द्विवेदी की ओर से 51 हजार तुलसी के पौधों का वितरण करने के लिए शहर में तुलसी यात्रा निकाली गई। यात्रा दोपहर 12 बजे के बाद रामलीला मैदान से शुरू हुई। यात्रा शुरू होने से करीब आधे घंटे पहले कचहरी, आईबीपी, नहरिया (उन्नाव-शुक्लागंज रोड), गदनखेड़ा यानी की शहर में आने वाले सभी मार्गो को रोक दिया गया। पुलिस की ओर से नहरिया के पास बेरीकेडिंग लगा दी गई। ऐसे में जिला अस्पताल और शहर में आने वाले लोगों को रोक दिया गया। जिसे शहर से सिविल लाइन या कचहरी आना है उसे नहरिया से मरहला चौराहा होते हुए आजाद मार्ग से आवास विकास के रास्ते शहर में आना पड़े।

ऐसे में 23 से 25 किलोमीटर का चक्कर काटना पड़ा। तमाम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी लेकिन यातायात पुलिस की ओर से दावा किया जा रहा है कि डायवर्जन की सूचना तो पहले दे दी गई थी। यही नहीं जाम की वजह से भीड़ घंटों परेशान रही। यातायात पुलिस और प्रशासन की ओर से शायद पहले कोई होमवर्क नहीं किया गया। यही वजह है कि वाहनों की लंबी कतारे लग गई। यात्रा निकले के बाद यातायात सुगम होने में काफी समय लग गया। एक अफसर ने तो कहा कि आठ साल से यात्रा निकल रही है मैं क्यूं समय पर पाबंदी लगाऊं। वहीं एक ने कहा कि किसी से शिकायत करा दीजिए तो शिकायत दर्ज कर लूं। सभी लोग इसपर जवाब देने से भागने लगे। भागे भी क्यों नहीं परेशानी तो आम जनमानस को हुई अफसर तो कह रहे हैं कि उन्होंने अपना काम सही से किया।

पुलिस से जो कागज आया उसी पर परमिशन दिया: सिटी मजिस्ट्रेट

सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज ने बताया कि पुलिस की ओर से जो चिट्ठी आई थी उसी पर परमिशन दिया गया। अगर समय निश्चित किया गया होता तो उसके आधार पर परमिशन दिया जाता। शहर का यातायात रोकने के लिए परमिशन नहीं दिया गया था। लिखा गया था कि यात्रा निकाली जाए लेकिन यातायात में किसी भी तरह की कोई परेशानी न आए।

डायवर्जन किया गया, नहीं रोका यातायात: सीओ सिटी

सीओ सिटी सोनम सिंह ने कहा कि यातायात नहीं रोका गया डायवर्जन किया गया। कोई समय निर्धारित नहीं था कि कितने समय में यात्रा खत्म हो जाएगी। अगर सिटी मजिस्ट्रेट को लगता था कि समय निर्धारित करना है तो उन्हें बदलाव करना चाहिए। इसके बारे में यातायात सीओ से बात करनी चाहिए। हम सुरक्षा व्यवस्था में लगे थे।

कुछ स्थानों पर रोके गए वाहन: सीओ यातायात

गदनखेड़ा, हरदोई ब्रिज के साथ कुछ स्थानों पर वाहनों को रोका गया था। यात्रा के पीछे का यात्रा निकलने के बाद खोल दिया जा रहा था। 9 बजे आयोजक की ओर से बताया गया था कि यात्रा निकाली जाएगी लेकिन तीन घंटा लेट हो गया। 12 बजे के बाद यात्रा निकली। डायवर्जन की सूचना दी गई थी।

मधूपनाथ मिश्र सीओ यातायात

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।