शांतिपूर्वक पर्वो को मनाने के लिए बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
Unnao News - उन्नाव में रमजान और होली के पर्वों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सजग है। अधिकारियों ने बाजारों में गश्त की और स्थानीय नागरिकों से आपसी भाईचारे की अपील की। होलिका दहन के लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

उन्नाव। रमजान माह एवं आगामी होली पर्व के मद्देनजर जिले में शांति, सौहार्द व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। पूरे जिले भर में पुलिस से विशेष सतर्कता अभियान चलाया गया। जिसमें डीएम गौरांग राठी, एसएसपी जय प्रकाश सिंह, एडीएम सुशील कुमार, सिटी मजिस्टे्रट राजीव राज, सीओ सिटी दीपक यादव ने शहर के मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त की। पुलिस अधिकारियों ने बाजारों में व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और युवाओं से संवाद कर पर्वो को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। गश्त दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग भी की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिले में इस साल करीब 3600 स्थानों पर होलिका दहन प्रस्तावित है। इतने बड़े पैमाने पर आयोजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त फोर्स तैनात करने की रणनीति बनाई है। प्रत्येक होलिका दहन स्थल पर स्थानीय पुलिस की निगरानी रहेगी, साथ ही पीआरवी और मोबाइल टीमें लगातार गश्त करती रहेंगी। एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकों का आयोजन कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और धर्मगुरुओं के साथ समन्वय बनाए रखें। किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा पर्व दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। रमजान दौरान मस्जिदों व नमाज स्थलों के आसपास भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्वक इबादत कर सकें। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग से ही त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जा सकता है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रविवार को एसडीएम ब्रजमोहन शुक्ला, सीओ संतोष सिंह, इंस्पेक्टर अखिलेश चंद पांडेय,चौकी प्रभारी अनिल साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में फोर्स ने मोहल्ला गढ़ी, जोगियाना, मिश्राना, लोधियाना, सदर बाजार, ब्लाक रोड आदि प्रमुख स्थानों पर पैदल मार्च कर सुरक्षा का एहसास दिलाया। इसी तरह हसनगंज सर्किल में एएसपी दक्षिणी प्रेमचंद्र व सीओ अरविंद चौरसिया, सीओ पुरवा तेज बहादुर सिंह व सीओ सफीपुर सोनम सिंह व सीओ बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा के नेतृत्व में फोर्स ने कस्बा स्थित बाजार में पैदल मार्च करते हुए लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया। अधिकारियों ने किया निरीक्षण, ड्रोन से होगी निगरानी मोहान। मोहान नगर पंचायत स्थित बाबा बिहारी दास मंदिर परिसर से 4 मार्च को सुबह दस बजे निकलने वाले होली जुलूस को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। पर्व दौरान किसी प्रकार की अराजकता न हो, इसके मद्देनज़र रविवार शाम एएसपी दक्षिणी प्रेमचंद्र और सीओ अरविंद चौरसिया ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाबा बिहारी दास मंदिर परिसर से हरिहर मंदिर तक ड्रोन कैमरे से निगरानी करते हुए पूरे संपर्क मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मौजूद लोगों को आपसी सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील की। इस दौरान थाना प्रभारी शरद कुमार, चौकी प्रभारी राम औतार मय फोर्स मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



