
...कासिफ अली सराय में बिजली कर्मियों को लात-घूंसे और थप्पड़ मारे
संक्षेप: Unnao News - उन्नाव में बिजली विभाग की टीम ने बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटने के लिए कार्रवाई की, लेकिन उपभोक्ताओं ने विरोध किया। लाइनमैन पर हमला किया गया और कर्मचारी पुलिस की मदद से सुरक्षित निकाले गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्नाव, संवाददाता। जब बड़े बकायेदारों ने बार-बार अपील के बावजूद बिजली बिल जमा नहीं किया तो विभाग की टीम कनेक्शन काटने के लिए शुक्रवार को कासिफ अली सराय मोहल्ला पहुंची। टीम को देखते ही कई लोग एकजुट हो गए और विरोध शुरू कर दिया। स्थिति तब बिगड़ गई जब लाइनमैन ने पोल पर चढ़ने की कोशिश की। कुछ उपभोक्ताओं ने गाली-गलौज करते हुए उसे नीचे खींचने का प्रयास किया। देखते ही देखते भीड़ ने विभागीय कर्मचारियों पर हमला कर दिया और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर लात-घूंसे एवं थप्पड़ मारे। भीड़ के चंगुल में फंसे कर्मचारियों ने किसी तरह जेई दिनेश गौतम को सूचना दी।

उन्होंने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। मौके पर डायल 112 पुलिस टीम पहुंची और कर्मचारियों को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला। कर्मचारियों ने सदर कोतवाली में मारपीट करने वाले उपभोक्ता सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी दिनभर सोशल मीडिया पर वायरल रहा। हालांकि, आपका अपना अखबार ‘हिन्दुस्तान’ इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है और उसमें दिखाई दे रहे हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। इस तरह बिगड़ा मामला घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शुक्रवार को वायरल हो गया। दो मिनट के वायरल वीडियो में बिजली विभाग का एक कर्मी पोल पर चढ़ा नजर आ रहा है। उस कर्मी को एक युवक खींचता है तो दूसरा कर्मी उसे समझाने का प्रयास करता है। इस बीच आवाज तेज हुई और बात बिगड़ी और फिर मारपीट शुरू हो गई। ---- वर्जन: बिल भुगतान के बजाए बिजलीकर्मियों के साथ मारपीट करना गलत है। उच्च अफ़सरों को भी घटना की जानकारी दी गई है। मुकदमा दर्ज कराने के लिए कर्मियों ने तहरीर भी दी है। सौरभ निगम, एक्सईएन- प्रथम खंड

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




