
स्टेमी केयर से दिल के मरीजों को अब मिलेगा तुरंत इलाज, जिला अस्पताल में आरक्षित किया गया एक बेड, 24 घंटे मरीजों को मिलेगा इलाज
संक्षेप: Unnao News - उन्नाव जिले को हार्ट अटैक के मरीजों के त्वरित इलाज के लिए स्टेमी केयर नेटवर्क से जोड़ा गया है। जिला अस्पताल में एक बेड आरक्षित किया गया है, जहां 24 घंटे ईसीजी और ह्रदय रोग विशेषज्ञ द्वारा इलाज किया जाएगा। मरीजों की जानकारी व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा की जाएगी, जिससे विशेषज्ञ त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान कर सकेंगे।
उन्नाव,संवाददाता। हार्ट अटैक के मरीजों को त्वरित इलाज मुहैया कराने के लिए जिले को स्टेमी केयर नेटवर्क से जोड़ा गया है। इसके तहत जिला अस्पताल में एक बेड आरक्षित किया गया। यहां भर्ती मरीजों को 24 घंटे ईसीजी और ह्रदय रोग विशेषज्ञ द्वारा इलाज मुहैया कराया जाएगा। एसटी-एलिवेशन मायोकार्डियो इंफ्राक्शन (एसटीईएमआई) या स्टेमी एक विशेष प्रकार का हार्ट अटैक होता है, जो सामान्य के मुकाबले कई गुना खतरनाक होता है। इसमें कोरोनरी धमनी पूरी तरह अवरुद्ध हो जाती है। इससे हृदय तक रक्त की आपूर्ति बाधित हो जाती है। इस स्थिति में ह्रदय की मांसपेशियों को गंभीर नुकसान पहुंचता है। ऐसे में इन मरीजों को त्वरित चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता होती है।

अब तक इन मरीजों को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया जाता है। हालांकि, इस दौरान लगने वाले समय के चलते कई बार मरीजों की हालत गंभीर हो जाती है। ऐसे में शासन ने स्टेमी केयर नेटवर्क बनाने की शुरुआत की थी। बीते दिनों एसीएमओ डॉ. जयराम सिंह, डॉ. अमित उपाध्याय व पैरामेडिकल स्टॉफ को ट्रेनिंग के लिए भेजा गया था, जहां इन्होंने गंभीर मरीजों को स्थिर करने व उन्हें इलाज देने के तरीके सीखे थे। अब जिला अस्पताल में नेटवर्क के जरिए भर्ती किए जाने वाले मरीजों के लिए इमरजेंसी वार्ड में एक बेड आरक्षित किया गया है। सीएमओ डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि जिले को स्टेमी केयर नेटवर्क से जोड़ा गया है। इसकी शुरुआत जिला अस्पताल से की गई है। जल्द ही जिले के सभी सीएचसी को भी स्टेमी नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। ऐसे काम करेगा नेटवर्क स्टेमी केयर नेटवर्क के तहत डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ को व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया है। जब कोई हार्टअटैक का मरीज जिला अस्पताल पहुंचेगा तो पैरामेडिकल स्टॉफ उसका ईसीजी करके व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजेगा। ग्रुप में मौजूद जीएसवीएम अस्पताल के कार्डियोलॉजिस्ट ईसीजी के मुताबिक, आगे के इलाज की सलाह देगा। इससे अस्पताल में मौजूद डॉक्टर मरीजों को त्वरित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करा पाएंगे। लंबे समय से रिक्त है कार्डियोलॉजिस्ट का पद जिले के लोगों के लिए स्टेमी केयर नेटवर्क किसी वरदान से कम नहीं है। जिला अस्पताल में तैनात कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. एसके पांडेय साल 2023 में सेवानिवृत्त हो गए थे। इसके बाद से यहां किसी अन्य चिकित्सक की तैनाती नहीं हो सकी है। ऐसे में गंभीर ह्रदय रोगियों को विशेषज्ञ की सलाह नहीं मिल पाती है। नेटवर्क में जुड़ने से अब इन मरीजों की जांच व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा होगी, जिन्हें देखकर विशेषज्ञ उपचार के तरीकों की जानकारी देंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




