अघोषित कटौती से रातभर सड़कों पर भटकने को मजबूर
हिलौली ब्लॉक क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का जीवन मुश्किल कर दिया है। शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है। बिजली की कमी ने घरेलू जीवन, पेयजल व्यवस्था और व्यापार को प्रभावित किया है।

हिलौली, संवाददाता। भीषण गर्मी के बीच हिलौली ब्लॉक क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दिन हो या रात, लगातार हो रही घंटों की रोस्टिंग से आमजन पूरी तरह परेशान हैं। हालात इतने खराब हैं कि रात में बिजली गुल होते ही लोग उमस और गर्मी से राहत पाने के लिए घरों के बाहर टहलते नजर आते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। लोगों ने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान की मांग की है।ब्लॉक क्षेत्र के सभी फीडरों पर अनियमित बिजली आपूर्ति से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
लगातार बढ़ते तापमान के बीच बार-बार बिजली कटने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ गई है। रात के समय घंटों बिजली गायब रहने से लोगों की नींद तक हराम हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कटौती का असर केवल घरेलू जीवन तक सीमित नहीं है, बल्कि पेयजल व्यवस्था भी चरमरा गई है। मोटर और ट्यूबवेल बिजली पर निर्भर होने के कारण कई गांवों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इससे लोगों को पीने के पानी के लिए भी जूझना पड़ रहा है। वहीं, व्यापारियों ने बताया कि लगातार बिजली कटने से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। दुकानों में इनवर्टर और जेनरेटर का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त खर्च बढ़ गया है। दूसरी ओर विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है, क्योंकि रात में कई बार बिजली चली जाने से पढ़ाई बाधित हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की ओर से न तो कोई स्पष्ट सूचना दी जाती है और न ही समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।


