वीडियो कॉल पर पत्नी से बात करते नहर में समा गया युवक
Unnao News - सोमवार को दही थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना में 35 वर्षीय विद्युत कर्मी आशीष विश्वकर्मा शारदा नहर में नहाने गए और डूब गए। वह अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे जब उनका पैर फिसला। चार घंटे बाद उनका शव तारगांव माइनर में मिला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

सोनिक,संवाददाता। दही थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। विद्युत लाइन की शिफ्टिंग देखने गए टीजी-2 लाइनमैन आशीष विश्वकर्मा पत्नी को वीडियो कॉल पर बात करते-करते पुरवा ब्रांच की शारदा नहर में नहाने उतरे और मौत की लहरों में समा गए। चार घंटे बाद पांच किमी दूर तारगांव माइनर में शव उतराता मिला तो परिवार में कोहराम मच गया। सोमवार शाम करीब 3:30 बजे सराय कटियान औद्योगिक एरिया के पास विद्युत लाइन का काम चल रहा था। सोनिक पावर हाउस के चमरौली प्रथम फीडर में टीजी-2 के पद पर तैनात 35 वर्षीय आशीष विश्वकर्मा पुत्र कमलेश विश्वकर्मा ठेकेदार द्वारा कराई जा रही लाइन शिफ्टिंग का काम देखने पहुंचे थे।
गर्मी से राहत पाने के लिए वह बगल से निकली पुरवा ब्रांच की शारदा नहर में नहाने उतर गए। इस दौरान उन्होंने अपनी पत्नी सरिता को वीडियो कॉल लगाया था। बात करते-करते अचानक उनका पैर फिसला और वह गहरे पानी में डूब गए। साथ में मौजूद अन्य विद्युत कर्मियों ने शोर मचाया और तुरंत विभाग को सूचना दी। देर शाम करीब सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि घटनास्थल से पांच किमी आगे तारगांव के पास माइनर में एक शव उतरा रहा है। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद शव की शिनाख्त आशीष विश्वकर्मा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजन की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मूल रूप से मियागंज असीवन निवासी आशीष इस समय कब्बा खेड़ा में मकान बनवाकर परिवार के साथ रह रहे थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


