मंगेतर का शव देख लौटी युवती ने भी दे दी जान
Unnao News - अचलगंज में एक युवती ने अपने मंगेतर की आत्महत्या के बाद खुदकुशी कर ली। सूरज ने फांसी लगाई, जिसके बाद कोमल ने जहरीली दवा खा ली। जांच में पता चला कि सूरज की शादी उसके परिवार ने बिना उसकी मर्जी के तय की थी। पुलिस ने मोबाइल चैटिंग के सबूत जुटाने की कोशिश की।

अचलगंज। फांसी लगाकर खुदकुशी किए मंगेतर का शव देख लौटी युवती ने गेहूं में डालनेवाली जहरीली दवा खा ली। इससे कुछ ही घंटों में उसकी भी मौत हो गई। सूचना पर शुक्रवार को पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाक्षेत्र के राजापुर गांव निवासी संतोष की 21 वर्षीय बेटी कोमल का विवाह गौरी त्रिभानपुर गांव निवासी शिक्षामित्र महेश के 25 वर्षीय बेटे सूरज के साथ तय हुआ था। 16 फरवरी को गोद भराई की रस्म हुई। शादी की तारीख निश्चित नहीं की गई थी। लेकिन नवंबर में माह तय था। गोद भराई की रस्म के बाद से सूरज और कोमल के बीच मोबाइल पर बात होने लगी थी।
गुरुवार को सूरज ने अपने घर के अंदर कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इसकी सूचना राजापुर गांव भी पहुंची तो कोमल अपने मां-बाप के साथ गौरी त्रिभानपुर आई। मंगेतर का शव देख वह टूट गई। देर शाम वह मां-बाप के साथ अपने गांव लौटी। घर पहुंचकर कोमल ने गेहूं में डालने वाली दवा खा ली। उसकी अचानक हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई। आननफानन उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात कोमल की मौत हो गई। परिजन रात में ही शव गांव ले आए। शुक्रवार सुबह मृतका के पिता गांव के प्रधान के साथ थाने पहुंचे और घटना की सूचना दी। बेथर चौकी दरोगा विनय कुमार ने जांच-पड़ताल और पूछताछ के बाद पंचनामा भरकर शव पीएम को भेजा। मृतका तीन बहनों काजल, सुनैना और इकलौते भाई शिवम में सबसे बड़ी थी। मां शिवकांती का रो-रोकर बुरा हाल है।चैटिंग डिलीट होने से उलझी पुलिसपुलिस की अब तक की जांच में सामने आया कि घरवालों ने सूरज की शादी उसकी बिना मर्जी के तय की थी। इससे सूरज परेशान रहता था। वहीं, यह भी बताया जा रहा है कि सूरज व उसकी मंगेतर कोमल के बीच मोबाइल पर चैटिंग के दौरान विवाद हो गया था। इस पर सूरज ने अपनी इहलीला समाप्त की ली। मोबाइल पर हुई चैटिंग को डिलीट कर दिया गया था, जिसके चलते पुलिस भी जांच पड़ताल में उलझी हुई है। पुलिस सूरज का मोबाइल कब्जे में लेकर छानबीन कर रही है।आत्महत्या से पहले मोबाइल एयर मोड पर लगायागोद भराई के बाद से सूरज और कोमल की फोन पर बातचीत होती रहती थी। सूरज के आत्महत्या करने से पहले गुरुवार दोपहर 12.49 बजे कोमल ने उसे वीडियो कॉल की थी। मगर कॉल रिसीव नहीं हुई थी। वहीं, आत्महत्या से पहले सूरज ने मोबाइल को एयर मोड पर लगा दिया था। उसमें कोई गाना बजा रखा था।दो अनजान नंबर में छिपा राजबताया जा रहा है कि सूरज के मोबाइल पर दो अनजान नंबर से 15 दिन से व्हाट्सएप पर चैटिंग की जा रही थी, जिसमें उसकी होने वाली पत्नी के विषय में भला बुरा कहकर उसे परेशान किया जा रहा था। इसकी पुष्टि सूरज की मौत के बाद मोबाइल देखने वाला हर व्यक्ति करता रहा। गौरी त्रिभानपुर गांव के ग्राम प्रधान विनोद ने बताया कि मृतक सूरज का मोबाइल पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है, अगर चैटिंग वाले नंबरों की डिटेल निकलवा कर जांच की जाए तो दोनों के मौत की सच्चाई सामने आ जाएगी।महिलाओं के कटाक्ष ने कोमल को दिया था तोड़अगर कोमल अपने मंगेतर की मौत की खबर पर उसके गांव न पहुंचती तो शायद बच जाती। गांव के ज्यादातर लोगों की जुबान पर शुक्रवार को यह बात रही। शादी नहीं हुई थी, इसीलिए युवती को लाने का निर्णय ठीक नहीं रहा। मंगेतर के शव के पास पहुंचते ही कोमल को लेकर गांव की कुछेक महिलाओं की जुबां पर आपत्तिजनक कानाफूसी रही। भला बुरा भी कहा। कोमल रोती रही। लेकिन उसके आंसुओं को घड़ियाली करार देते रहे। लौट कर आने के बाद एक तो मंगेतर चला गया। उल्टा महिलाओं से की गई कटाक्ष वह बर्दाश्त नहीं कर सकी और मौत को गले लगा लिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


