तीन नंबरों की व्हाट्सऐप चैटिंग बनी ‘मौत का जाल’
Unnao News - अचलगंज में एक युवक सूरज ने मानसिक दबाव में आकर फांसी लगा ली, जबकि उसकी मंगेतर कोमल ने उसकी मौत के बाद जहर खाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के बीच संदिग्ध व्हाट्सऐप मैसेज को आत्महत्या का कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अचलगंज। संवाददाता सिर्फ कुछ संदिग्ध व्हाट्सऐप मैसेज… और चंद घंटों में दो जिंदगियां खत्म। युवक ने मानसिक दबाव में आकर फांसी लगा ली थी तो उसकी मौत की खबर सुनते ही होने वाली पत्नी ने भी जहर खाकर दम तोड़ दिया था। अब तीन रहस्यमयी नंबर इस दोहरी मौत के केंद्र में हैं। जबकि पुलिस की सुस्ती और लापरवाही पर भी सवाल तेज हो गए हैं।अचलगंज थाना क्षेत्र के गौरी त्रिभानपुर गांव निवासी शिक्षामित्र महेश के 25 वर्षीय बेटे सूरज का विवाह राजापुर गांव के संतोष की 21 वर्षीय बेटी कोमल के साथ तय हुआ था। 16 फरवरी को गोद भराई की रस्म पूरी हो चुकी थी और दोनों परिवार खुशी-खुशी शादी की तैयारियों में जुटे थे।
गुरुवार को अचानक सूरज के मोबाइल पर तीन अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सऐप मैसेज आने लगे। बताया जा रहा है कि इन मैसेजों के जरिए उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इन चैट्स ने सूरज को इस कदर तोड़ दिया कि उसने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूरज की मौत की खबर जैसे ही राजापुर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। कोमल, जो अपने मंगेतर के साथ नई जिंदगी के सपने देख रही थी, खुद को संभाल नहीं सकी और अपने माता-पिता व भाई के साथ सूरज के अंतिम दर्शन के लिए उसके गांव पहुंची। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि उसके भीतर क्या चल रहा है। शव देखने के बाद घर लौटी कोमल ने कुछ ही घंटों बाद जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसकी भी मौत हो गई। शुक्रवार को दोनों शवों का अलग-अलग घाटों पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक ही दिन में दो मौतों ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है, वहीं लोगों में भारी आक्रोश भी है। परिजनों का आरोप है कि तीन अलग-अलग नंबरों से हो रही चैटिंग के जरिए सूरज को लगातार टार्चर किया जा रहा था। शनिवार को मृतक सूरज के पिता महेश अपने नाते-रिश्तेदारों के साथ थाने पहुंचे और लिखित शिकायत देते हुए उन तीनों नंबरों को पुलिस को सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं नंबरों से बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। इंस्पेक्टर बृजेश शुक्ल ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बढ़ाया सस्पेंसमामला अब और उलझता नजर आ रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कोमल के शरीर पर चोट के निशान मिलने से कई नए सवाल खड़े हो गए हैं। क्या यह सिर्फ आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और साजिश छिपी है। यह अब जांच का अहम विषय बन गया है। सीओ मधुपनाथ मिश्र के मुताबिक, चैटिंग में इस्तेमाल हुए तीनों नंबरों की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


