Unnao News: कानपुर के डूबे युवक का 24 घंटे बाद शव बरामद
Unnao News: बीघापुर के रायपुर गांव में बाढ़ का पानी देखने गए 30 वर्षीय अमन सोनी की पुलिया पर गिरने से मौत हो गई। गुरुवार से शुरू हुई तलाशी के बाद शुक्रवार सुबह उसका शव 400 मीटर दूर से बरामद किया गया। परिवार में शोक की लहर है, खासकर उसकी पत्नी और नानी के लिए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

Unnao News: बीघापुर, संवाददाता। बाढ़ का पानी देखने निकले युवक के लिए पुलिया मौत का कुआं बन गई। गुरुवार से चल रही तलाश के बाद शुक्रवार सुबह गोताखोरों ने जाल डालकर घटनास्थल से करीब 400 मीटर दूर उसका शव बरामद किया। 24 घंटे बाद युवक का शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और नानी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। कानपुर के नौबस्ता निवासी अमन सोनी 30 वर्षीय पुत्र शिव शंकर 30 अगस्त को बारा सगवर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव स्थित अपने मामा राजकुमार के घर आया था। गुरुवार सुबह वह अपने मामा के 12 वर्षीय बेटे कृष्णा के साथ घर से करीब एक किलोमीटर दूर जयराजमऊ गांव में बाढ़ का पानी देखने गया था।
इसी दौरान जयराजमऊ-पसनियाखेड़ा मार्ग पर बनी जल निकासी पुलिया पर पहुंचने के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई। अमन संतुलन खो बैठा और करीब आठ फीट नीचे पानी में जा गिरा। देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गया। हादसे की सूचना मिलते ही बारा सगवर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्र, दरोगा आरपी सिंह, ग्राम प्रधान सधन और लेखपाल आकाश सिंह चौहान मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर जाल डलवाया गया और युवक की तलाश शुरू कराई गई। देर शाम तक काफी मशक्कत के बावजूद अमन का कोई सुराग नहीं मिल सका। शुक्रवार सुबह गोताखोरों ने एक बार फिर जाल डालकर खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद घटनास्थल से करीब 400 मीटर दूर अमन का शव पानी से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अमन चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई रमन, दीपक और दीपांशु हैं। करीब तीन वर्ष पहले अमन का विवाह नैंसी के साथ हुआ था। जवान बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है। शव बरामद होते ही पत्नी नैंसी और नानी सूरजबली बदहवास होकर रोने लगीं। थाना प्रभारी धर्मेंद्र नाथ मिश्र ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


