जहरीले कीड़े के डसने से मासूम की मौत

Newswrap हिन्दुस्तान, उन्नाव
share

Unnao News - औरास में खेत पर खेल रही छह वर्षीय बच्ची प्रियांशी की जहरीले कीड़े के डंक से मौत हो गई। परिजनों ने इलाज कराने के बजाय झाड़-फूंक में समय बर्बाद किया। जब बच्ची को अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में कोहराम मचा है।

जहरीले कीड़े के डसने से मासूम की मौत

औरास, संवाददाता। खेत पर बनी झोपड़ी के पास बच्चों के साथ खेल रही छह वर्षीय मासूम बच्ची की जहरीले कीड़े के डंक से मौत हो गई। परिजन इलाज कराने के बजाय पहले झाड़-फूंक में उलझे रहे, जिससे बच्ची की हालत बिगड़ती चली गई। जब उसे सीएचसी पहुंचाया गया तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। औरास थानाक्षेत्र के खेतऊ गांव निवासी राम गोपाल की छह वर्षीय बेटी प्रियांशी शुक्रवार शाम घर से करीब 200 मीटर दूर खेत पर बनी झोपड़ी के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी।

इसी दौरान उसे किसी जहरीले कीड़े ने डस लिया। बच्ची की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे तो उसकी हालत बिगड़ती देख परिजन घबरा गए। बताया गया कि परिजन तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय उसे झाड़-फूंक कराने के लिए हरदोई जिले के संडीला ले गए। काफी देर तक झाड़-फूंक चलती रही, लेकिन बच्ची की तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। हालत नाजुक होने पर परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औरास पहुंचे। यहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रियांशी को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस सीएचसी पहुंची और परिजनों से पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते बच्ची को अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।