छत पर फंदे से लटकी मिली 9वीं की छात्रा
Unnao News - उन्नाव के दिरगजखेड़ा गांव में 15 वर्षीय छात्रा संध्या देवी लोधी का शव घर की छत पर साड़ी के फंदे से लटका मिला। पिता ने जब यह देखा तो वह सन्न रह गए। छात्रा का मानसिक बीमारी का इलाज चल रहा था। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

उन्नाव। अजगैन थानाक्षेत्र के दिरगजखेड़ा गांव में रविवार शाम 15 वर्षीय छात्रा संध्या देवी लोधी का शव घर की छत पर साड़ी के फंदे से लटका मिला। मजदूरी से लौटे पिता ने जब यह मंजर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। रोते-बिलखते बाहर आए तो देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया। गांव निवासी रंजीत कुमार की पुत्री संध्या देवीलोधी नवाबगंज स्थित श्यामलाल इंटर कॉलेज में कक्षा 9 की छात्रा थी। रविवार को रंजीत कुमार रोज की तरह मजदूरी पर गए थे। वहीं, मां शिवदेवी लखनऊ के कटी बगिया ताराखेड़ा गांव स्थित अपने मायके गई हुई थीं।
घर पर संध्या अकेली थी। शाम को जब रंजीत कुमार घर लौटे तो बेटी दिखाई नहीं दी। पहले उन्होंने घर के कमरों में तलाश की, फिर छत की ओर गए। छत पर पहुंचते ही दृश्य देखकर वह सन्न रह गए। छत के कुंडे से साड़ी के फंदे पर संध्या का शव लटका हुआ था। वह चीख पड़े और बदहवास हालत में बाहर निकल आए। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में गांव में घटना की खबर आग की तरह फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल और पूछताछ के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका का बड़ा भाई दीपक राजस्थान में नौकरी करता है। पर्व के चलते घर आया हुआ है। बहन की मौत से वह बार-बार बदहवास होकर रोता रहा। पिता रंजीत कुमार के मुताबिक, संध्या का मानसिक बीमारी का इलाज चल रहा था। घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं कर पाए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



