दो बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत, दो गंभीर घायल

Mar 03, 2026 11:41 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, उन्नाव
share

Unnao News - उन्नाव। संवाददाता अजगैन कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में

दो बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत, दो गंभीर घायल

उन्नाव। संवाददाता अजगैन कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। माखी थाना क्षेत्र के नयाखेड़ा परेदा गांव निवासी 46 वर्षीय नरेंद्र सिंह बाइक से अजगैन क्षेत्र के भौली गांव किसी काम से गए थे। वहां से वापस लौटते समय मुंशीगंज अजगैन मार्ग पर गांव नरायणपुर के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर अजगैन क्षेत्र के आगा खेड़ा निवासी गोलू और विनय सवार थे, जो राजा बाग से दवा लेकर अपने घर वापस लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि दोनों बाइक की रफ्तार तेज होने से वाहन अनियंत्रित हो गए और आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तुरंत घायलों को उपचार के लिए मियागंज सीएचसी पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद नरेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी बाइक पर सवार गोलू और विनय का इलाज सीएचसी में चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि अजगैन पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक नरेंद्र सिंह विवाहित थे, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां मीना और पिता जवाहर सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।