तार में उतरे करंट की चपेट में आने से महिला की मौत
Unnao News - उन्नाव के पनई बुजुर्ग गांव में एक महिला कुसुमा कश्यप शनिवार सुबह कपड़े सुखाते समय करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार में मातम है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

उन्नाव, संवाददाता। बिहार थाना क्षेत्र के पनई बुजुर्ग गांव की रहने वाली महिला शनिवार सुबह कपड़े सुखाने के लिए तार पर फैलते समय करंट की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पनई बुजुर्ग गांव की रहने वाली 50 वर्षीय कुसुमा कश्यप पत्नी स्व. महेश शनिवार सुबह रोज की तरह घर के कामकाज में जुटी हुई थी। स्नान करने के बाद जब वह कपड़े सुखाने के लिए बाहर लगी डोरी पर फैलने गई। बताया जा रहा है कि तभी कपड़े फैलाने के लिए इस्तेमाल की जा रही लोहे के तार में करंट उतर आया।
जैसे ही कुसमा ने तार को हाथ लगाया। वह करंट की चपेट में आ गईं और तार से चिपक गईं। महिला की चीख सुनकर आसपास मौजूद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद बिजली सप्लाई बंद कर उसे तार से अलग किया गया। आनन-फानन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि महिला ने कुछ ही देर में दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही बिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। पुलिस ने जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन रो-रोकर बेहाल होते रहे। मृतका कुसुमा अपने पीछे बेटों में पवन, पंकज व गोलू तथा बेटियों में पूनम व नीतू को छोड़ गई हैं। बेटे पवन के मुताबिक आंधी में टूटकर कपड़ा फैलने वाले लोहे के तार पर गिर गया था। जिससे करंट उतर रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि कुसुमा मेहनती और शांत स्वभाव की थीं। सात साल पहले बीमारी से पति की मौत के बाद वह परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रही थीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


