बेकाबू वाहन ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर ,मौत
Unnao News - उन्नाव में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर शुक्रवार रात एक बेकाबू वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे युवक उमेश कुमार की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पुलिस ने शव की पहचान की और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों...

उन्नाव, संवाददाता। दही थाना क्षेत्र के लखनऊ- कानपुर हाईवे स्थित इंडाग्रो फैक्ट्री के पास शुक्रवार रात बेकाबू वाहन के बाइक में टक्कर मारने से युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान करने के बाद परिजनों को जानकारी दी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कानपुर नगर के रेल बाजार के मीरपुर मोहल्ला के रहने वाले महेश कुमार धानुक का चालीस वर्षीय बेटा उमेश कुमार उर्फ राजा शहर के पुराना अस्पताल कमला भवन स्थित ससुराल में पत्नी व बच्चों के साथ रहता था। अकरमपुर स्थित फैक्ट्री में उमेश नौकरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। शुक्रवार शाम अपनी बेटी स्तुति को लखनऊ राजाजीपुरम निवासी बुआ माया पत्नी भैया लाल के घर छोड़ने गए थे। देर रात बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दही थाना क्षेत्र के इंडाग्रो कंपनी के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उमेश के पास मिले मोबाइल से पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर अस्पताल पहुंची पत्नी ज्योति व तीन बेटियों में आयुषी, स्तुति व प्राची तथा बेटा अर्पण और अन्य परिजन रो रोकर बेहाल होते रहे। पुलिस ने परिजनों की सहमति के बाद शनिवार को शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस की टीम आसपास लगे सीसी कैमरा के फुटेज की जांच कर वाहन की तलाश कर रही है।
डॉक्टर के देर से आने पर परिजनों ने किया हंगामा
लखनऊ -कानपुर हाईवे पर सड़क हादसे में हुई युवक की मौत के मामले में परिजनों की भीड़ पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। ड्यूटी डॉक्टर के न पहुंचने पर भीड़ आक्रोशित हो गई और पोस्टमार्टम हाउस में हंगामा करना शुरू कर दिया। किसी तरह स्टाफ और मौजूद पुलिस कर्मियों ने परिजनों को समझा कर मामला शांत कराया। कुछ देर बाद डॉक्टर के आने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा सका। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप राहत की सांस ली।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


