
लोडर पर गेहूं लादते वक्त नाले में गिरा पल्लेदार, मौत
Unnao News - अचलगंज में गेहूं की बोरी लादते समय 50 वर्षीय पल्लेदार शिवराम का पैर फिसल गया और वह नाले में गिर गया। गंभीर रूप से घायल शिवराम को गल्ला व्यापारी ने अस्पताल नहीं ले जाकर घर छोड़ दिया। परिवार ने उन्हें सीएचसी पहुँचाया, लेकिन जिला अस्पताल जाते समय उनकी मौत हो गई। परिवार पहले से ही आर्थिक संकट में था।
अचलगंज। गेहूं की बोरी लादते समय पैर फिसलने से पल्लेदार नाले में गिर गया और ऊपर से बोरी भी गिर गई। गंभीर रूप से घायल मजदूर को गल्ला व्यापारी अस्पताल नहीं ले गया, घर छोड़ दिया। बाद में परिवार उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचा, लेकिन जिला अस्पताल जाते समय उनकी मौत हो गई। परिवार पहले से ही आर्थिक और स्वास्थ्य संकट में था, अब यह हादसा उनकी ज़िंदगी को और कठिन बना दिया है। अचलगंज निवासी गल्ला व्यापारी श्यामू गुप्ता रविवार को कस्बे के रामेश्वर वार्ड निवासी 50 वर्षीय पल्लेदार शिवराम को गेहूं की बोरियां लादने के लिए गौरी गांव लेकर गया।
यहां देवकृष्ण यादव के मकान से गेहूं की बोरियां लाकर पास खड़े लोडर पर लादी जा रही थीं। बोरी लादते समय शिवराम का पैर अचानक फिसल गया और वह नाले में जा गिरा। उसके ऊपर गेहूं से भरी बोरी भी गिर गई, जिससे वह काफी देर तक नाले में दबा रहा। जब तक लोगों की नजर पड़ी, तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। गल्ला व्यापारी उसे घायल अवस्था में घर छोड़ गया। हालत बिगड़ते देख उनके छोटे भाई राधेश्याम ने ई-रिक्शा से उन्हें सीएचसी पहुँचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति नाजुक बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में शिवराम ने दम तोड़ दिया। शिवराम अपने पीछे पत्नी ऊषा, बेटा बालकृष्ण और बेटी कुमकुम को छोड़ गए। बताया गया है कि पत्नी लंबे समय से बीमार हैं और डायलिसिस पर हैं। परिवार पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहा था, और यह हादसा उन्हें पूरी तरह तोड़ गया सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया। थाना प्रभारी बृजेश शुक्ल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




