अधिकारियों ने टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के दिए निर्देश
Unnao News - उन्नाव जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए एसएसपी जय प्रकाश सिंह, एएसपी अखिलेश सिंह और एआरटीओ संजीव कुमार ने नवाबगंज टोल प्लाजा का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात संचालन और प्रवर्तन की समीक्षा की। पुलिस को वाहनों की जांच करने और संदिग्ध गतिविधियों पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
उन्नाव, संवाददाता। जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार शाम को एसएसपी जय प्रकाश सिंह, एएसपी (उत्तरी) अखिलेश सिंह तथा एआरटीओ प्रवर्तन प्रथम संजीव कुमार सिंह ने अजगैन थाना क्षेत्र स्थित नवाबगंज टोल प्लाजा का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान अधिकारियों ने टोल प्लाजा की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन प्रणाली तथा प्रवर्तन कार्यों की गहन समीक्षा की। अधिकारियों ने वहां तैनात पुलिस व कर्मियों को वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति की तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों को देने के लिए कहा गया।
अधिकारियों ने ओवरलोड वाहनों, बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण दौरान आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सुगम एवं व्यवस्थित यातायात बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने टोल प्लाजा पर यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने और यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस संयुक्त निरीक्षण से टोल प्लाजा की व्यवस्थाओं में सुधार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


