Unnao News: वायरल वीडियो... छह शिक्षक फिर भी स्कूल खोलते बच्चे, प्रधानाध्यापक सस्पेंड
Unnao News: उन्नाव के स्कूल चलो अभियान में शिक्षकों की लापरवाही का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में बच्चे बताते हैं कि स्कूल में छह शिक्षक हैं, पर सभी अनुपस्थित हैं। बीएसए ने प्रधानाध्यापक को निलंबित किया और तीन सहायक शिक्षकों का वेतन रोका। जांच में बीईओ से भी जवाब मांगा गया है।

Unnao News: उन्नाव, संवाददाता। सरकार के स्कूल चलो अभियान पर शिक्षक ही पानी फेरने में लगे हैं। यह हकीकत डीआईओएस के बनाए गए वीडियो में सामने आई। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक मिनट 50 सेकेंड के इस वीडियो में बच्चे डीआईओएस को बता रहे हैं कि स्कूल में छह शिक्षक हैं, पर अभी तक वे आए नहीं हैं। प्रधानाध्यापक चाभी दे गए थे कि स्कूल खोल लेना। हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वहीं वायरल वीडियो को संज्ञान ले गुरुवार को बीएसए शैलेश कुमार पांडेय स्कूल पहुंचे और जांच की। प्रथम दृष्टा लापरवाही मिलने पर प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही तीन सहायक शिक्षकों का सितंबर माह का वेतन और दो अनुदेशकों का मानदेय रोक दिया गया। साथ ही बिछिया बीईओ से भी जवाब तलब किया गया है.
स्कूल की स्थिति और कार्रवाई
वायरल वीडियो बिछिया के उच्च प्राथमिक विद्यालय नेवरना का बताया जा रहा है। गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) सुनील दत्त नेवरना स्थित इंटर कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर परिसर में संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय पर पड़ी। डीआईओएस विद्यालय की स्थिति देखने पहुंचे तो यहां पूरा स्टॉफ नदारद मिला। स्कूल के कक्षों में ताले लटके थे, जबकि बच्चे विद्यालय परिसर में खेलते दिखाई दिए। डीआईओएस ने मौके की स्थिति को कैमरे में कैद किया। वायरल वीडियो में वह छात्र सनी से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। छात्र ने बताया कि प्रधान शिक्षक श्रीनाथ यादव चाबी देकर विद्यालय समय से खोलने के लिए कहते हैं। स्कूल में कितने शिक्षक हैं, इस सवाल पर छात्र ने छह शिक्षकों के होने की जानकारी दी, लेकिन निरीक्षण के समय इनमें से कोई भी शिक्षक मौके पर मौजूद नहीं था। विद्यालय के अंदर बने कक्ष भी बंद मिले। इस पूरी स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद बीएसए शैलेश कुमार पांडेय खुद नेवरना उच्च प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों और बच्चों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। शिक्षकों की अनुपस्थिति और बच्चों से विद्यालय का ताला खुलवाने की स्थिति को गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रधानाध्यापक श्रीनाथ यादव को निलंबित कर दिया। वहीं सहायक शिक्षक आशुतोष मिश्र, मोना बनेजा और मंजू यादव के सितंबर माह के वेतन पर रोक लगा दी। इसके साथ ही अनुदेशक मनीषा भारती और प्रमोद कुमार को भी सितंबर माह के मानदेय से वंचित कर दिया गया। विद्यालय की इस स्थिति के लिए बिछिया के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को भी प्रथम दृष्टा जिम्मेदार मानते हुए उनसे जवाब मांगा गया है.
जीआईसी प्रधानाचार्य की मौजूदगी पर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई के साथ-साथ निरीक्षण में मौजूद अधिकारियों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए। डीआईओएस द्वारा बनाए गए वीडियो में राजकीय इंटर कॉलेज उन्नाव के प्रधानाचार्य परमात्मा शरण भी नजर आ रहे हैं। इसे लेकर लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर अपना विद्यालय छोड़कर जीआईसी प्रधानाचार्य बेसिक शिक्षा के विद्यालय के निरीक्षण में डीआईओएस के साथ क्यों मौजूद थे।

