
रिसार्ट में आपसी विवाद के बाद चली गोली, युवक घायल
संक्षेप: Unnao News - उन्नाव के गदनखेड़ा गांव स्थित वसुंधरा रिसार्ट में पुलिस की मौजूदगी में आपसी विवाद के चलते गोली चल गई, जिसमें 35 वर्षीय कमल किशोर घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपित पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना की जांच जारी है।
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के गदनखेड़ा गांव स्थित वसुंधरा रिसार्ट में पुलिस की मौजूदगी के बाद अंदर मौजूद लोगों में आपसी विवाद के बाद गोली चल गई। हाथ में गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। जिला अस्पताल में मरहम पट्टी के बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सदर कोतवाली पुलिस ने वादी बनकर आरोपित पिता-पुत्र समेत चार व अन्य अज्ञात पर युवक पर जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। साथ ही जिस डबल बैरल बंदूक से फायर किया गया था, उसे कब्जे में लिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के राजेपुर मोहल्ला निवासी 35 वर्षीय कमल किशोर को सोमवार रात लगभग 11 बजे 30 से 40 लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

दाएं हाथ के पंजे से खून बहता देख डॉक्टर ने नाम पता की जानकारी दर्ज की और मरहम पट्टी शुरू की। लोगों ने गोली लगने की बात बताई। अच्छे इलाज की बात कह कर निजी अस्पताल लेकर चले गए। सदर कोतवाल संजीव कुशवाहा ने बताया कि घायल कमल किशोर को जिला अस्पताल से निकाल कर शेखपुर नहर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच में पता चला कि कमल किशोर सुशील शुक्ला के साड़ी सेंटर में काम करता है। उनके दो बेटों से सोमवार रात किसी बात को लेकर कमल की कहासुनी हो गई। इस पर दोनों ने अपने रिश्तेदार की डबल बैरल बंदूक से फायर कर दिया, जिसमें कमल किशोर घायल हो गया। सुशील शुक्ला उनके दो बेटे व रिश्तेदार समेत अन्य लोगों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। बताया कि 28 अक्तूबर को रिसार्ट में घुसकर मारपीट करने के मामले में भी सुशील पक्ष पर केस दर्ज किया गया है। उधर, कॉलेज प्रबंध सुरेंद्र कुमार बाजपेई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक गंभीर धाराओं में पांच नामजद व 25 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। नामितों में सुशील शुक्ल, मुकेश शुक्ल, आदर्श शुक्ल, सिद्धांत शुक्ल आदि पर तोड़फोड़ व संपत्ति को नुकसान पहुंचाने आदि का आरोप लगाया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




