सीजन का सबसे ठंडा रहा नववर्ष का दूसरा दिन
Unnao News - उन्नाव में शुक्रवार सुबह हल्के कोहरे और ठंड ने जनजीवन को प्रभावित किया। दृश्यता कम होने से सड़कों पर आवागमन मुश्किल हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, दिसंबर का औसत तापमान पिछले वर्षों की तुलना में कम रहा है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से धीमी गति से चलने और गर्म कपड़ों का उपयोग करने की अपील की है।
उन्नाव। जिले में शुक्रवार सुबह हल्के कोहरे और गलन भरी ठंड ने जनजीवन को प्रभावित किया। तड़के से ही वातावरण में नमी और ठंडक महसूस की गई। कोहरे के कारण दृश्यता में कमी आई, जिससे सड़कों पर आवागमन चुनौतीपूर्ण हो गया और वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। सुबह के समय कई स्थानों पर यातायात की रफ्तार धीमी रही। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे पर दृश्यता इतनी कम थी कि वाहन चालकों को दिन में भी फॉग लाइट और हेडलाइट का सहारा लेना पड़ा। गंगा पुल पर भी यातायात बाधित रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हवा में 78 प्रतिशत आर्द्रता और 3 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही पछुआ हवाओं ने गलन बढ़ा दी। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक कोहरे और ठंड का यह दौर जारी रह सकता है। जनजीवन पर ठंड का असर साफ दिखाई दिया। लोग सुबह गर्म कपड़े, स्वेटर और शॉल में लिपटे नजर आए। सार्वजनिक स्थानों और चाय की दुकानों पर अलाव के इर्द-गिर्द भीड़ देखी गई। धार्मिक स्थलों और पार्कों में भीड़ कम रही, और ग्रामीण क्षेत्रों में किसान खेतों में गलन से परेशान दिखे। जिला प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। गौरतलब है कि इस मौसम में यह अब तक का पहला दिन था, जिस दिन धूप भी नहीं निकली। वाहन धीमे चलाने की अपील कर रहे अफसर अधिकारियों ने अपील की है कि कोहरे के दौरान वाहन अत्यंत धीमी गति से चलाएं। अगले वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। अनावश्यक यात्रा से परहेज करें। ठंड से बचाव के लिए समुचित गर्म कपड़ों का उपयोग करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संबंधित विभागों को 'अलर्ट मोड' पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति या सड़क दुर्घटना की स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान की जा सके। पांच साल बाद सबसे ठंडा रहा दिसंबर इस बार दिसंबर के रात और दिन दोनों ठंडे रहे हैं। दिसंबर का औसत न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री है और इस बार दिसंबर का औसत तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह अधिकतम औसत तापमान 23.1 डिग्री है और इस बार अधिकतम औसत तापमान 21.4 डिग्री रहा है। सीएसए के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2019 के बाद इतना कम औसत अधिकतम तापमान इस सीजन में रिकॉर्ड किया गया। वर्ष 2019 में 18.8 डिग्री औसत अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया था। छह साल के बाद दिन के पारे ने फिर गोता लगाया। वहीं न्यूनतम तापमान ने 10 साल के बाद रिकॉर्ड बनाया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




