
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से सुरक्षाकर्मी की मौत
Unnao News - सोहरामऊ में एक सुरक्षाकर्मी को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। मृतक 55 वर्षीय राजू मिश्रा थे, जो ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सोहरामऊ। थानाक्षेत्र के पाजपाई स्वीट हाउस के पास मंगलवार देर रात सड़क पार करते समय तेज रफ्तार वाहन ने सुरक्षाकर्मी को टक्कर मार दी। हादसे में सुरक्षाकर्मी की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई, जिन्हें इलाज के लिए लखनऊ के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सोहरामऊ कस्बा निवासी 55 वर्षीय राजू मिश्रा पुत्र स्व. रविदत्त मिश्रा के रूप में हुई है। वह लखनऊ की एक निजी कंपनी में सुरक्षाकर्मी के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार देर रात ड्यूटी समाप्त कर घर लौटते समय सोहरामऊ कस्बे में सड़क पार कर रहे थे, तभी लखनऊ से उन्नाव की ओर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने तत्काल घायल को इलाज के लिए लखनऊ के निजी अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोहरामऊ थाना प्रभारी अरविंद पांडेय ने बताया कि मृतक के बेटे सत्यम की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार वाहन की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




