चोरों ने तीन घरों के ताले तोड़े, सीसीटीवी में पूरा मंजर

Feb 12, 2026 05:55 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, उन्नाव
share

Unnao News - अचलगंज के पचोड़डा गांव में चोरों ने तीन मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नगदी और जेवरात चुरा लिए। गुड्डन यादव के घर में चोरी के बाद सुंदर यादव के घर में घुसने का प्रयास किया गया, लेकिन घर के लोग जाग गए। सलमान के सूने मकान से चोरों ने 35 हजार रुपये और कीमती सामान चुरा लिया। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।

चोरों ने तीन घरों के ताले तोड़े, सीसीटीवी में पूरा मंजर

अचलगंज। अचलगंज थाना क्षेत्र के पचोड़डा गांव में बुधवार देर रात चोरों ने एक के बाद एक तीन मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नगदी और जेवरात पार कर दिए। सुबह घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल कर लौट गई। ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश व्याप्त है। बताया जा रहा है कि चोरों ने सबसे पहले खाड़ी देश में नौकरी कर रहे गुड्डन यादव के मकान को निशाना बनाया। इसके बाद पड़ोसी सुंदर यादव के घर का ताला तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन घर के लोगों को आहट मिल गई।

शोर मचाने पर चोर वहां से भाग निकले। इसके बाद चोरों ने थोड़ी दूरी पर स्थित सलमान के सूने मकान को निशाना बनाया। घटना के समय सलमान विदेश में था, जबकि उसकी पत्नी अलीमुन निशा मायके पुरवा गई हुई थीं। घर खाली पाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। कमरों में रखी अलमारियों और बक्सों के ताले तोड़कर सोने का हार, झाला, चांदी की पायल, तोड़िया समेत अन्य कीमती सामान और करीब 35 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली। सुबह परिजन लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। यह देख उनके होश उड़ गए और पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि सुंदर यादव के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक युवक लोहे की रॉड से ताला तोड़ते हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज में संदिग्ध का चेहरा काफी हद तक स्पष्ट नजर आ रहा है, जिससे पुलिस को सुराग मिलने की उम्मीद है। इंस्पेक्टर बृजेश शुक्ल ने बताया कि पुलिस टीम को मौके पर भेजकर मामले की गहन छानबीन की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।