Unnao News: खतरे के निशान से 63 सेमी दूर गंगा, कटरी में बढ़ी चिंता
Unnao News: गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि से उन्नाव के कटरी क्षेत्र के ग्रामीण चिंतित हैं। शनिवार को जलस्तर 112.370 मीटर पहुँच गया, जो खतरे के निशान से 63 सेंटीमीटर नीचे है। खेतों में पानी भरने से फसलें प्रभावित हो रही हैं। प्रशासन ने निगरानी बढ़ाई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Unnao News: उन्नाव, संवाददाता। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से कटरी क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता बढ़ने लगी है। शनिवार शाम छह बजे गंगा का जलस्तर 112.370 मीटर रिकार्ड किया गया। यह खतरे के निशान 113 मीटर से महज 63 सेंटीमीटर नीचे है। जलस्तर बढ़ने के कारण परियर क्षेत्र के कई गांवों के किनारे पानी पहुंचने लगा है। खेतों में पानी भरने से किसानों को फसल खराब होने की चिंता सताने लगी है। वहीं, ग्रामीण जरूरी सामान और चारे की व्यवस्था के लिए नावों का सहारा लेने लगे हैं। केंद्रीय जल आयोग की ओर से रविवार सुबह जलस्तर में और बढ़ोतरी का पूर्वानुमान जताया गया है।
अनुमान है कि पानी 112.400 मीटर के आसपास पहुंच सकता है। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कटरी क्षेत्र में प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। सदर तहसील क्षेत्र के देवीपुरवा, पनपथा, लालतुपुरवा, बाबू बंगला समेत कई गांवों के किसानों की सैकड़ों बीघे फसल जलमग्न हो चुकी है। खेतों में पानी भरने से धान समेत अन्य फसलों को नुकसान की आशंका है। गांवों के आसपास निचले इलाकों में भी पानी पहुंचने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में गांवों के रास्तों और आबादी वाले हिस्सों में भी पानी पहुंच सकता है। बढ़ते पानी के बीच ग्रामीण भूसा, हरा चारा, लकड़ी और अन्य जरूरी सामान सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए नावों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था को लेकर भी ग्रामीण चिंतित हैं। कटरी क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने के कारण खेतों तक पहुंचना मुश्किल होने लगा है। तहसील प्रशासन की ओर से क्षेत्रीय लेखपालों को लगातार निगरानी के लिए लगाया गया है। लेखपाल गांवों में पहुंचकर जलस्तर और जलभराव की स्थिति पर नजर रख रहे हैं। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। एसडीएम सदर राजेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि गंगा के जलस्तर में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। फिलहाल बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए लेखपालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

