चैटिंग मामले में युवक गिरफ्तार व बाल अपचारी को संरक्षण में लिया
Unnao News - अचलगंज, संवाददाता। थाना पुलिस ने राजापुर ज्ञानखेड़ा मोड पर सोमवार सुबह दबिश देकर मोबाइल

अचलगंज, संवाददाता। थाना पुलिस ने राजापुर ज्ञानखेड़ा मोड पर सोमवार सुबह दबिश देकर मोबाइल चैटिंग कर युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने, डराने धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार करने व बाल अपचारी को संरक्षण में लेने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपित युवक को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है। जबकि मामले से संबंधित एक डेयरी संचालक फरार बताया जा रहा है।बतातें चलें कि थाना क्षेत्र के गौरी त्रिभानपुर गांव के रहने वाले 25 वर्षीय सूरज की शादी राजापुर गांव निवासी संतोष की 21 वर्षीया बेटी कोमल के साथ तय हुई थी। 16 फरवरी को गोद भराई हो चुकी थी।
गुरुवार को मंगेतर सूरज के फोन पर हुई चैटिंग ने ऐसा गुल खिलाया कि महज चंद घंटों में दो हंसते खेलते परिवारों में कोहराम मच गया। चैटिंग देखने के बाद परेशान सूरज ने फंदे से लटक खुदकुशी कर ली थी। घटना की सूचना उसकी होने वाली पत्नी कोमल को मिली तो उसने भी जहरीला पदार्थ निगल आत्महत्या कर ली। एक साथ दो मौत ने आम जनमानस को झकझोर दिया था। युवक के अंतिम संस्कार के बाद शनिवार को मृतक सूरज के पिता महेश ने थाने जाकर पुलिस को शिकायती पत्र दिया। जिसमें तीन अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सएप चैटिंग कर बेटे को टार्चर करने का केस दर्ज कराया गया था। पुलिस ने तीनों नंबरों को सर्विलांस में लगाकर एक युवक को गिरफ्तार और एक बाल अपचारी को थाने लाई। घटना के पीछे जो कहानी निकल कर सामने आ रही है। उसमें मृतक सूरज की शादी तय होने की जानकारी युवती के गांव निवासी आशीष को हुई। उसके बाद आशीष किसी प्रकार शादी तुड़वाना चाह रहा था। जिसके लिए उसने शहर के शिवनगर मोहल्ला निवासी अपने नाबालिग दोस्त सब्जी दुकानदार और वहीं के एक दूध डेयरी संचालक से मिला और सब्जी दुकानदार के मोबाइल से मृतक सूरज के फोन पर आपत्तिजनक संदेश भेज अकेले मिलने के लिए बुलाने के साथ जानलेवा धमकी दे रहा था। जिससे परेशान होकर सूरज ने 16 अप्रैल को खुदकुशी कर ली थी। पुलिस ने राजापुर गांव निवासी आशीष और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया है। थाना प्रभारी बृजेश शुक्ल ने बताया कि घटना में शामिल तीसरे फरार युवक के गतिविधियों की जांच चल रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


