कालूखेड़ा में रात में गोलियों की गूंज और पुलिस की चुप्पी ने दी हवा
Unnao News - असोहा के कालूखेड़ा कस्बे में एक कथित मुठभेड़ ने दहशत फैला दी। सूर्या ढाबे के पास गोलीबारी हुई, जिससे लोग भाग गए। पुलिस ने बिना चेतावनी के कार्रवाई की, जिससे स्थिति confusion में रही। स्थानीय लोग गौ तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ की बात कर रहे हैं। पुलिस ने घटना पर चुप्पी साध रखी है।

असोहा। थानाक्षेत्र के कालूखेड़ा कस्बे में मंगलवार देर रात कथित मुठभेड़ ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। मौरावां-मोहनलालगंज मार्ग पर सूर्या ढाबे के पास अचानक चली गोली, फटे टायर, अंधेरे में खेतों की ओर भागते संदिग्ध और मौके पर पहुंची सादी वर्दी में पुलिस। इस सनसनीखेज घटना के बाद से कई सवाल खड़े हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि घंटों बीत जाने के बाद भी पुलिस अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे यह साफ नहीं हो पा रहा कि यह वास्तव में मुठभेड़ थी या बिना चेतावनी की गई एक गुप्त कार्रवाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना मंगलवार रात करीब एक बजे मौरावां-मोहनलालगंज मार्ग स्थित सूर्या ढाबे के पास हुई।
ढाबे के बाहर एक कार खड़ी थी। अचानक कार के पिछले टायर पर गोली लगने से तेज धमाका हुआ, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। गोली की आवाज सुनते ही ढाबे पर बैठा एक युवक घबराकर पास के खेतों की ओर भाग निकला। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसके कुछ ही पलों बाद चार से छह की संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और कार को चारों तरफ से घेर लिया। इसी दौरान कार के पास खड़ी एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट की चौपहिया गाड़ी की भी तलाशी ली गई। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद सभी पुलिसकर्मी सादी वर्दी में थे, जिससे शुरुआत में किसी को यह समझ ही नहीं आया कि कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है। अचानक हुई इस कार्रवाई से ढाबे और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर भागने लगे और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कार सवार युवक चाय पीने के लिए ढाबे पर रुके थे, तभी बिना किसी चेतावनी के सादी वर्दी में आए लोगों ने सीधे कार के टायर पर फायर कर दिया। चर्चाएं हैं कि गौ तस्कर और पुलिस के बीच मुठभेड़ थी। गाड़ियां मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए गोतस्कर खेतों की ओर फरार हो गए। स्थानीय पुलिस कार को रात में ही थाने ले गई। दूसरी चौपहिया गाड़ी को सुबह थाने ले जाया गया। स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि इस कार्रवाई से जुड़ी एक अन्य चौपहिया गाड़ी को लखनऊ जिले के सिसेंडी कस्बे में भी पकड़ा गया है, लेकिन इस संबंध में भी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जब इस पूरे मामले में कालूखेड़ा चौकी प्रभारी से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कुछ भी बताने से साफ इनकार कर दिया। वहीं, असोहा थाना प्रभारी फूल सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। पुलिस अधिकारियों की इस चुप्पी ने लोगों के बीच संदेह और चर्चाओं को और हवा दे दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



