गला दबा पत्नी की हत्या कर पति ने फंदे से लटक की खुदकुशी

Newswrap हिन्दुस्तान, उन्नाव
share

Unnao News - उन्नाव। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के नौनिहालगंज मोहल्ले में बुधवार सुबह नशेबाज पति ने पत्नी

गला दबा पत्नी की हत्या कर पति ने फंदे से लटक की खुदकुशी

उन्नाव। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के नौनिहालगंज मोहल्ले में बुधवार सुबह नशेबाज पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद खुद फंदे से लटक खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दंपति की मौत के बाद दो मासूम बच्चों के सिर से साया उठ जाने से माहौल गमगीन हो गया। नौनिहालगंज मोहल्ला के 42 वर्षीय संजय पुत्र देवीदयाल अपनी 38 वर्षीय पत्नी वंदना और दो बच्चों हर्ष व खुशी के साथ रहता था। ई-रिक्शा चलाकर संजय परिवार का भरण पोषण करता था। मंगलवार रात वह नशे की हालत में घर पहुंचा। तभी उसका पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

मामला इतना बढ़ा कि मारपीट तक पहुंच गया। परिजन व मोहल्ले वालों के अनुसार रात में विवाद बाद घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया था। बुधवार सुबह करीब सात बजे संजय का उसकी पत्नी से दोबारा झगड़ा होने लगा और तभी संजय ने पत्नी की पिटाई कर गला दबा हत्या कर दी और खुद फंदे से लटक खुदकुशी कर ली। सुबह देर तक घर से कोई आवाजाही न होती देख पड़ोसियों ने आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर घर के अंदर झांक कर देखा तो लोगों के होश उड़ गए। दंपति के शव पड़े हुए थे। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी पर बांगरमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा खुलवा कर शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। उसके बाद दम्पति के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की है। मृतका वंदना की सास सियादुलारी ने पुलिस में तहरीर देकर घटना की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद होती रही चर्चाएं : घटना को लेकर मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार दम्पति के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। कुछ लोगों का कहना है कि वंदना किसी अन्य युवक से फोन पर बातचीत करती थी, जिसे लेकर संजय को शक करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। हालांकि पुलिस ने अभी इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बच्चों के सिर से माता पिता का साया छीना: घटना के बाद मासूम बच्चे हर्ष व खुशी के सिर से माता पिता का साया छीन गया। दादी के घर पर मौजूद बच्चों की सुबह नींद खुली तो अपने माता-पिता को खो दिया था। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि बच्चे घटना के समय दादी के पास मौजूद थे। जिससे वह बुरी तरह सहमे हुए हैं। परिजन बच्चों को संभालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घरेलू कलह का प्रतीत हो रहा है मामला : इंस्पेक्टर बांगरमऊ अखिलेश चंद्र पांडेय ने इस मामले में कहा कि दंपति के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला घरेलू कलह की प्रतीत हो रही है, लेकिन सभी बिन्दुओं पर जांच की जा रही है।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।