प्रेमिका की गवाही से खुला कत्ल का खौफनाक राज; 70 वर्षीय बुजुर्ग गिरफ्तार
Unnao News - कोतवाली पुलिस ने असेहरू गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग लाखन सिंह को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। मृतक शिवपाल रावत 17 दिन से लापता थे और उनका शव अरहर के खेत में मिला। आरोपित की प्रेमिका ने वारदात का खुलासा किया, जिसमें शराब पीने के बाद विवाद बढ़ने पर हत्या की गई।

पुरवा। कोतवाली पुलिस ने असेहरू गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 70 वर्षीय हत्यारोपित बुजुर्ग को आलाकत्ल कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में लिव इन रिलेशन में रहने वाली आरोपित की 50 वर्षीय प्रेमिका का बयान सबसे अहम साबित हुआ, जिसे पुलिस ने अब सरकारी गवाह बनाया है। 17 दिन से लापता था बुजुर्ग, टुकड़ों में मिला शव भूपतिपुर निवासी 65 वर्षीय शिवपाल रावत बीते 17 दिनों से लापता थे। रविवार को असेहरू गांव के पास एक अरहर के खेत में उनका धड़ मिला, जबकि सोमवार को घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक गड्ढे में उनका सिर बरामद हुआ।
इस नृशंस हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर गांव के ही रामबाबू और कस्बे के लाखन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। शराब, गाली-गलौज और फिर खूनी खेल पुलिस हिरासत में आई लाखन सिंह की लिव-इन पार्टनर (प्रेमिका) ने पूछताछ में पूरी वारदात का खुलासा किया। उसने बताया कि घटना वाले दिन शिवपाल ने लाखन की चारपाई बिनी थी। इसके बाद लाखन, शिवपाल और रामबाबू ने एक साथ बैठकर शराब पी। देर शाम रामबाबू अपने घर चला गया, लेकिन शिवपाल वापस लौट आया और नशे में लाखन को गालियां देने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि शिवपाल ने लाखन पर बसुली से हमला कर दिया। गुस्से में पागल हुए 70 वर्षीय लाखन ने कुल्हाड़ी उठाई और वार कर शिवपाल को मौत के घाट उतार दिया। दो दिन कुटिया में छिपाया शव हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या के बाद लाखन ने शव को दो दिनों तक अपनी कुटिया में ही छिपाए रखा। दुर्गंध फैलने के डर से उसने बाद में शव को घसीटकर खेत में फेंका और पहचान छिपाने के लिए सिर और धड़ को अलग-अलग गड्ढों में दबा दिया। घेराबंदी कर दबोचा गया कातिल कोतवाल अमरनाथ यादव और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर तुसरौर-कौआ गड़ी मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपित लाखन सिंह को दबोच लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। वर्जन आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। साक्ष्यों को मिटाने और शव को ठिकाने लगाने की हर कड़ी को जोड़ लिया गया है। आरोपित की प्रेमिका, जो इस घटना की चश्मदीद थी, उसे सरकारी गवाह बनाया गया है। — अमरनाथ यादव, कोतवाल, पुरवा
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


