जगह-जगह सजी लाई व तिलकुट की दुकान, सौंधी खुशबू से पटा बाजार

Jan 12, 2026 06:21 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, उन्नाव
share Share
Follow Us on

Unnao News - उन्नाव में मकर संक्रांति पर्व के लिए बाजारों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। लोग गुड़, तिल, खिचड़ी और अन्य आवश्यक सामग्रियों की खरीदारी में व्यस्त हैं। गंगा तटों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, और महिलाएं विशेष व्यंजन बना रही हैं। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है।

जगह-जगह सजी लाई व तिलकुट की दुकान, सौंधी खुशबू से पटा बाजार

उन्नाव। जिले में मकर संक्रांति पर्व को लेकर पूरे शहर और ग्रामीण इलाकों में उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है। पर्व के नजदीक आते ही प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। सुबह से ही शहर के बड़ा व छोटा चौराहा, शुक्लागंज, बांगरमऊ, सफीपुर समेत ग्रामीण बाजारों में चहल-पहल रही। लोग पर्व की तैयारियों में जुटे हुए हैं और आवश्यक सामग्री खरीदने में व्यस्त हैं। लोग इस पर्व में खास कर गुड़, मुड़िया चावल, तिल, सिसबा, गोलनी, चूड़ा सहित अन्य सामग्री की खरीदारी कर रहे थे। मकर संक्रांति पर दान-पुण्य और धार्मिक कार्यों का विशेष महत्व होता है।

इसी को ध्यान में रखते हुए बाजारों में तिल, गुड़, खिचड़ी, मूंगफली, तिलकुट, रेवड़ी और मिठाइयों की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ रही। साथ ही, गंगा स्नान और दान के लिए तांबे व पीतल के बर्तन, लोटा, गिलास, थाली, दरी, कंबल और ऊनी वस्त्र की खरीदारी भी जोर-शोर से हो रही है। शहर के गंगा तटों पर पर्व के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए दुकानदारों ने अस्थायी दुकानें सजाई हैं। यहां पूजा सामग्री, दीप, अगरबत्ती, फूल, माला और धूप की बिक्री जोरों पर है। सुबह से ही लोग गंगा स्नान और दान की तैयारियों को लेकर आवश्यक सामान खरीदते नजर आए। पर्व को लेकर महिलाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया। महिलाएं घरों में तिल-गुड़ से बने व्यंजन, खिचड़ी और मिठाइयां बनाने में लगी हैं। वहीं बच्चों के लिए पतंग, मांझा और रंग-बिरंगी पतंगों की दुकानों पर भीड़ लगी हुई है। पतंग विक्रेताओं का कहना है कि हर साल की तरह इस बार भी मकर संक्रांति पर पतंगों की बिक्री अच्छी होने की उम्मीद है। बढ़ी भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन और पुलिस सतर्क हैं। प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में फोर्स तैनात किया गया है ताकि यातायात सुचारू रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। नगर पालिका ने भी सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है। दुकानदारों का कहना है कि मकर संक्रांति उनके लिए आजीविका का महत्वपूर्ण पर्व है। खरीदारी में वृद्धि से व्यापार में तेजी आई है और सभी को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। कुल मिलाकर जिले में उत्साह और आस्था का माहौल बना हुआ है और लोग पूरे जोश के साथ पर्व की तैयारियों में जुटे हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।