अनियंत्रित होकर कार जिला अस्पताल गेट से टकराई, आग लगने से मची अफरा-तफरी
Unnao News - उन्नाव के जिला महिला अस्पताल के गेट पर एक तेज रफ्तार कार ने टकराकर आग पकड़ ली। हादसे में कार सवार दीपेंद्र तिवारी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से...
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के जिला महिला अस्पताल गेट पर गुरुवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे अस्पताल के मुख्य गेट से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। अचानक हुई इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज गति से आती हुई सीधे अस्पताल के गेट से टकराई। टक्कर के कुछ ही पलों बाद कार के इंजन से धुआं उठने लगा और आग भड़क गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर स्टेशन को सूचना दी और आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई। थोड़ी ही देर में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कार सवार युवक घायल हो गया, जिसकी पहचान दीपेंद्र तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपेंद्र तिवारी उन्नाव की सदर तहसील में लेखपाल के पद पर तैनात हैं। हादसे के तुरंत बाद मौजूद लोगों ने उन्हें कार से बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उपचार जारी है। घटना के बाद अस्पताल गेट पर काफी देर तक जाम जैसी स्थिति बनी रही। पुलिस ने पहुंचकर भीड़ को हटाया और आग पर काबू पाने के बाद क्षतिग्रस्त कार को हटवाया। इस हादसे के चलते अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल के पास अक्सर तेज गति से वाहन गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से अस्पताल गेट पर स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




