Unnao News: सज उठे बाजार, कान्हा के स्वागत को शहर तैयार
Unnao News: उन्नाव। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर में भक्ति और उल्लास का रंग चढ़ने

Unnao News: उन्नाव। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर में भक्ति और उल्लास का रंग चढ़ने लगा है। मंदिरों से लेकर घरों, गलियों, चौराहों और मोहल्लों तक कान्हा के स्वागत की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। कहीं आकर्षक झांकियां सजाई जा रही हैं तो कहीं रंग-बिरंगी झालरों और रोशनी से घरों को सजाने का सिलसिला शुरू हो गया है। बाजारों में जन्माष्टमी की खरीदारी के लिए दुकानों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही। बच्चों में झांकियां सजाने को लेकर खासा उत्साह है, जबकि महिलाएं सजावट और पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटी रहीं।जन्माष्टमी पर्व को लेकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियां तेज हो गई हैं।
विभिन्न मंदिरों और घरों में साफ-सफाई के साथ सजावट का काम शुरू हो चुका है। बच्चों ने दिन से ही श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाने में मोर्चा संभाल लिया। कोई कान्हा का झूला सजा रहा है तो कोई रंगीन कागजों, अबरी और इलेक्ट्रिक झालरों से झांकी को आकर्षक बनाने में जुटा है। बाजारों में जन्माष्टमी की रौनक साफ दिखाई दी। महिलाओं और बच्चों की भीड़ सजावट का सामान खरीदने के लिए दुकानों पर उमड़ी रही। अबरी, मुकुट, सिंहासन, झूला, रंगीन कागज और इलेक्ट्रिक झालरों की मांग बढ़ गई है। रंग-बिरंगे बल्ब और झालरें लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। किराना और फल की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ रही। बड़ा चौराहा स्थित दुकानदार गुड्डू ने बताया कि जन्माष्टमी को लेकर अबरी, मुकुट, सिंहासन, झूला और झालरों की बिक्री सबसे अधिक हो रही है। रंगीन कागजों से बनी झालरों की भी खूब मांग है। पूजन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और व्रत से जुड़ा सामान लोग पहले से ही खरीदकर घरों में जुटाने लगे हैं।


