Hindi NewsUttar-pradesh NewsUnnao NewsIntensified Safety Inspections in Unnao After Delhi Blast Police and Administration Conduct Joint Operations
अधिकारियों ने केमिकल फैक्ट्रियों व पटाखा दुकानों की जांच

अधिकारियों ने केमिकल फैक्ट्रियों व पटाखा दुकानों की जांच

संक्षेप:

Unnao News - उन्नाव में हाल ही में दिल्ली में हुए धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस और प्रशासन ने केमिकल फैक्ट्रियों और विस्फोटक भंडारण दुकानों पर सघन जांच अभियान चलाया। अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों और लाइसेंस दस्तावेजों की जांच की, और दुकानदारों को नियमों के पालन की सख्त चेतावनी दी।

Nov 13, 2025 10:00 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, उन्नाव
share Share
Follow Us on

उन्नाव। दिल्ली में हुए हालिया धमाके के बाद प्रदेशभर में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसी क्रम में उन्नाव जिले में भी गुरुवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने केमिकल फैक्ट्रियों तथा विस्फोटक भंडारण करने वाली दुकानों पर संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया। सुरक्षा दृष्टि से चलाए गए इस अभियान में अफसरों ने सुरक्षा मानकों, लाइसेंस दस्तावेजों और भंडारण की स्थिति की गहन जांच की। जिले के सदर और बीघापुर क्षेत्रों में यह जांच अभियान एक साथ चलाया गया। सदर क्षेत्र में एसडीएम क्षितिज द्विवेदी, सीओ सिटी दीपक यादव, सीएफओ अनूप सिंह और दही थाना इंस्पेक्टर अवनीश सिंह की संयुक्त टीम ने विभिन्न केमिकल फैक्ट्रियों व विस्फोटक दुकानों का निरीक्षण किया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

टीम ने मौके पर जाकर अमोनियम नाइट्रेट समेत अन्य ज्वलनशील व विस्फोटक पदार्थों के भंडारण की सुरक्षा व्यवस्था देखी और रजिस्टर व दस्तावेजों की जांच की। इसी तरह बीघापुर क्षेत्र में एसडीएम रणवीर सिंह, सीओ मधुप नाथ मिश्रा और फायर सर्विस टीम ने निरीक्षण अभियान चलाया। टीम ने क्षेत्र की दुकानों व गोदामों का दौरा कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान फायर सर्विस कर्मियों ने फैक्ट्री संचालकों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी और फायर एक्सटिंग्विशर जैसे उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों ने दुकानदारों और फैक्ट्री प्रबंधन को सख्त चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि विस्फोटक पदार्थों का भंडारण केवल निर्धारित सीमा तक ही किया जाए और गोदामों में उचित वेंटिलेशन व सुरक्षा दूरी का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। अभियान दौरान अधिकारियों ने लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की जांच की और यह सुनिश्चित किया कि सभी प्रतिष्ठान शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रहे हैं। कुछ स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था में कमी मिलने पर तुरंत सुधार के निर्देश दिए गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली जैसी किसी अप्रिय घटना से पहले ही सुरक्षा उपायों को मजबूत करना बेहद जरूरी है। इसलिए जिलेभर में इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके और जन सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।