आईजी ने सदर व सफीपुर कोतवाली का निरीक्षण कर “नन्हे फरिश्ते” से कक्ष का लोकार्पण
Unnao News - उन्नाव में पुलिस महानिरीक्षक ने कानून-व्यवस्था और पुलिस व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति अभियान, और पुलिसकर्मियों की दक्षता पर ध्यान दिया। ‘नन्हे फरिश्ते’ कक्ष का उद्घाटन करते हुए बच्चों के लिए सुविधाएं प्रदान की गईं। आईजी ने पुलिसकर्मियों को पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए।

उन्नाव/सफीपुर। लखनऊ परिक्षेत्र पुलिस महानिरीक्षक ने मंगलवार को जिले की सदर व सफीपुर कोतवाली का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था एवं पुलिस व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ एसएसपी मय फोर्स के मौजूद रहे। आईजी किरण यश ने सफीपुर कोतवाली पहुंच कर थाना कार्यालय, अपराध रजिस्टर, मिशन शक्ति केंद्र, शस्त्रागार तथा अन्य अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने शस्त्रों के रख-रखाव, उनकी संख्या एवं कार्यशीलता की जानकारी ली और मैगजीन ऑपरेटिंग कराकर पुलिसकर्मियों की दक्षता परखी। लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, फरियादियों की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान तथा रात गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा एवं मिशन शक्ति अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण दौरान आईजी ने फरियादियों एवं पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए नवनिर्मित “नन्हे फरिश्ते” कक्ष का बच्चों से फीता कटवा कर लोकार्पण किया। कक्ष में बच्चों के लिए इंडोर गेम्स, टेलीविजन एवं देखभाल से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बच्चों को जूस व चॉकलेट वितरित कर उत्साहवर्धन किया। साथ ही क्षेत्र के चौकीदारों को टार्च और पानी की बोतल वितरित कर उन्हें सतर्कता व जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निर्वहन की सीख दी। इसके बाद आईजी ने सदर कोतवाली का भी निरीक्षण किया। यहां थाना परिसर, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्पडेस्क, सीसीटीएनएस प्रणाली, मालखाना और शस्त्रागार का अवलोकन किया गया। अभिलेखों की अद्यतन प्रविष्टियों की जांच करते हुए उन्होंने सीसीटीएनएस पर समयबद्ध एवं शुद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम, हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन और जनसुनवाई प्रणाली को मजबूत करने पर बल दिया। निरीक्षण दौरान एसएसपी जय प्रकाश सिंह, एएसपी दक्षिणी प्रेमचंद्र, सीओ सोनम सिंह, अरविंद चौरसिया, संतोष सिंह व सहायक पुलिस अधीक्षक संचित शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। आईजी ने पुलिस कर्मियों को पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश देते हुए कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


